बिलासपुर | नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के जनसंपर्क दौरे पर नागरिकों द्वारा की गई सामुदायिक भवन की मांग मंजूर कर ली गई है। इसके निर्माण पर 25 लाख रुपए खर्च होंगे। मेयर किशोर राय ने रविवार को प्रियदर्शनी नगर में सामुदायिक भवन,जिम व सांस्कृतिक मंच के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कर कार्य की शुरुआत कराई। भवन के निर्माण से स्थानीय निवासियों जिसमें युवा वर्ग भी शामिल है, की वर्षों पुरानी बहुउपयोगी भवन बनाने की मांग पूरी हो जाएगी। उक्त भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित सांस्कृतिक मंच जिसमें शेड रहेगा तथा भूतल में हाॅल एवं सबसे ऊपर युवाओं के लिए जिम का निर्माण किया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में मेयर ने कहा कि शासन के संसाधनों से निर्मित भवन तथा अन्य सुविधाओं के इस्तेमाल के साथ उसकी देखभाल भी नागरिकों को करनी होगी।