बिलासपुर |चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज का एक छात्र 10 दिन से लापता है। रायपुर से बिलासपुर आते समय वह दाधापारा और रायपुर के बीच ट्रेन से लापता हो गया है। इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट जीआरपी में दर्ज कराई गई है। परिजन इसकी हर तरफ तलाश कर चुके हैं। इस मामले में हॉस्टल के उसके रूम पार्टनर और हॉस्टल अधीक्षक से भी पूछताछ की गई है। चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज में फॉर्मेसी तृतीय वर्ष का छात्र सतपाल सिंह पिता पुकराम 26 वर्ष जांजगीर चांपा जिले के शिवरीनारायण का रहने वाला है। चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है। 9 मई को वह घर जाने के लिए अवकाश लेकर निकला लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंचा। 10 मई को नशे की हालत में रायपुर आरपीएफ ने उसे स्टेशन में उतारा। रायपुर में उसका भाई पीएचडी कर रहा है। उसे सूचना दी गई। इस मामले में जीआरपी ने हॉस्टल अधीक्षक दल गंजन सिंह और रूम पार्टनर रितिक शर्मा से पूछताछ की। उन्हें पता चला कि वह शुरू से ही गुमसुम सा रहता था। भाई ने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।