महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम ने रविवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराबबंदी इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि सरकार चुनाव के लिए इससे पैसा इकट्ठा कर रही है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जनता खुश नहीं है और हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है और अधिकारी राज चल रहा है। विधानसभा में प्रस्तुत किए गए एक रिकाॅर्ड का हवाला देते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 24 हजार महिलाएं गायब हैं, पर सरकार को इनका पता लगाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं अौर आए दिन उनके साथ बलात्कार, छेड़छाड़ जैसी घटनाएं हो रही हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सीमा पांडे, मंजू त्रिपाठी,आफराेज खान, रेखा, आशा पांडे, सावित्री सोनी, श्वेता शास्त्री, आशा सिंह, वाल्या सिंह समेत अन्य उपस्थित रहीं।
जो सक्रियता से काम करेगा, वह ही आगे आएगा
राजनीति में महिलाओं को आरक्षण देने की बात तो की जा रही है लेकिन उसका फायदा नहीं मिल पाता। चुनाव जीतने के बाद उनके परिजन आगे आकर काम संभालते हैं ऐसा क्यों? के जबाव में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव इंद्राणी मिश्रा ने कहा कि अब ऐसा नहीं होगा और जो महिला कार्यकर्ता सक्रियता से काम कर रही है उसे ही आगे लाया जाएगा। यह प्रथा नहीं चलेगी कि क्षेत्र की जो महिला कार्यकर्ता सक्रिय है उसे पीछे कर किसी और को आगे लाया जाए।