बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन से मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक युवक को यात्रियों ने पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस के आने पर उसे सौंप दिया। जीआरपी चौकी में लाकर पूछताछ की गई तो उसके पास से एक मोबाइल फोन मिला। वह चोरी का था। कुछ देर बाद मोबाइल के मालिक का फोन आया वह ट्रेन में सफर कर रहा था। यात्रा रद्द कर वह रायपुर से बिलासपुर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को शाम 6.30 बजे हटिया-एलटीटीई एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर तीन पर आई। जब ट्रेन छूटने लगी तो यात्रियों ने एक व्यक्ति को सामान लेकर भागते देखा तो उसे पकड़कर पिटाई कर दी। पुलिस वाले पहुंचे तो उसे सौंपकर ट्रेन में सवार हो गए। जीआरपी चौकी लाकर पूछताछ की जा रही थी उसी समय उसके पास रखे मोबाइल फोन की घंटी बजी पुलिस वालों ने फोन रिसीव किया तो पता चला कि मोबाइल चोरी का है। फोन करने वाले से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह हटिया एलटीटीई एक्सप्रेस में सफर कर रहा है उसे मुंबई जाना है। मोबाइल मिलने की सूचना मिलते ही उसने रायपुर में यात्रा स्थगित की और बिलासपुर पहुंचा। पिंटू राम पिता स्व. लाटोभुईंया 21 साल आसिया थाना ईचाक हजारीबाग झारखंड का रहने वाला है और रांची से मुंबई जा रहा था। बिलासपुर पहुंचने के बाद उसने रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में जीआरपी ने धनंजय शील 55 वर्ष को पकड़ा है। उसने अपना पता कोंडागांव का बताया है। जीआरपी उससे अन्य मामले में भी पूछताछ कर रही है।