नया आदेश: यूनिवर्सिटी काे कराना होगा ऑनलाइन प्रवेश
नया सत्र 1 जून से शुरू हाे रहा है। एडमिशन प्रक्रिया भी एक जून से शुरू करनी है, लेकिन एडमिशन किस प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा। इसका निर्णय अभी तक यूनिवर्सिटी नहीं ले पाई है। उच्च शिक्षा विभाग से दो आदेश यूनिवर्सिटी के पास आए हैं। इसमें लिखा है कि इस वर्ष एडमिशन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से लिए जाएंगे। इसके अलावा इस वर्ष एडमिशन की ऑनलाइन प्रक्रिया चिप्स के माध्यम से नहीं की जाएगी। ऑनलाइन एडमिशन यूनिवर्सिटी को ही कराना है। इस आदेश के बाद यूनिवर्सिटी के अधिकारी परेशान हैं। ऑनलाइन एडमिशन के लिए अभी तक यूनिवर्सिटी तैयार नहीं हैं। यूनिवर्सिटी के पास ऐसा कोई पोर्टल नहीं है, जिससे वह ऑनलाइन एडमिशन करा सकती है। नए सत्र का एडमिशन शुरू करने 15 दिन शेष यूनिवर्सिटी के पास बचे हैं। बिलासपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध 170 कॉलेजों की 30 हजार सीटों पर एडमिशन लेना है। अभी तक यूनिवर्सिटी ने नए सत्र के एडमिशन को लेकर कॉलेजों को भी कोई निर्देश नहीं जारी की है। यूनिवर्सिटी ने अभी तक एक भी बार प्राचार्यों की बैठक भी नहीं ली है। कॉलेजों में भी इस वर्ष नए सत्र में एडमिशन को लेकर कोई तैयारी नहीं हैं।
एडमिशन प्रक्रिया के लिए कमेटी
उच्च शिक्षा विभाग का आदेश आने के बाद यूनिवर्सिटी अभी तक निर्णय नहीं ले पाई है कि वह एडमिशन कैसे करेगी। इस पर निर्णय लेने के लिए यूनिवर्सिटी ने 8 सदस्यीय कमेटी बना दी है। कमेटी निर्णय लेगी कि इस सत्र की एडमिशन की प्रक्रिया कैसे होगी। कमेटी में साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. यूके श्रीवास्तव, यूटीडी के प्रोफेसर जितेंद्र गुप्ता, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. एचएस होता, रतनपुर कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य हैं।