बिलासपुर | मिशन हॉस्पिटल के पास रविवार को शाम साढ़े चार बजे अचानक ट्रांसफर जलने लगा। इसके पहले कि आग फैलती, इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई और अमले ने आकर आग पर काबू पा लिया। इस बीच आने-जाने वालों को वहां से होकर गुजरने से रोका भी गया। यह इलाका नेहरू नगर डिवीजन के अंतर्गत आता है। यहां के कार्यपालन अभियंता सीएम वाजपेयी ने बताया कि गर्मी में लोड बढ़ गया और ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली जो नीचे पड़े कचरे में पड़ी और आग लग गई। कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। नीचे केबल जलने की वजह से दो घंटे तक सप्लाई बंद रही। इसके बाद चालू हो गई। तापमान 43 डिग्री होने की वजह से भी आग जल्दी लग गई।