गुरुनानक स्कूल में संकल्प सभा के दौरान उपस्थित आम आदमी पार्टी के नेता।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
भाजपा सरकार के माफिया राज से कांग्रेस 15 वर्ष से छुटकारा प्रदेश की जनता को नहीं दिला सकी। उस समय तो कांग्रेस की मुट्ठी बंधी हुई थी अब तो पूरी तरह से खंड-खंड हो चुकी है। हर विधानसभा में कांग्रेस और जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इस बार भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकना है इसलिए यहां बदलाव लाना है। ईमानदार सरकार अब सिर्फ आम आदमी पार्टी ही दे सकती है,अब किसी के बहकावे में नहीं आना है। यह बात रविवार को चुनावी बिगुल का आगाज करते हुए दिल्ली सरकार में श्रम मंत्री गोपाल राय गुरुनानक स्कूल में संकल्प सभा के दौरान कही। इस दौरान प्रदेश प्रभारी राकेश सिन्हा, संयोजक संकेत ठाकुर, लोकसभा प्रभारी जसबीर सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीवेज प्रोजेक्ट का काम संभाल रही कंपनी कांग्रेस और बीजेपी के लोगों को चंदा देती है। यहां जो गुंडाराज और गुलामी की स्थिति है उसे जड़ से उखाड़ फेंकना है। यह संदेश छत्तीसगढ़ के घर-घर में पहुंचना चाहिए जिससे बदलाव लाया जा सके। यहां की जनता बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी को विकल्प के रूप में देख रही है। श्रम मंत्री गोपाल राय ने प्रधानमंत्री पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब देश में मोदी लहर चल रही थी और भाजपा एक के बाद एक राज्य में विजयी पताका फहरा रही थी तब आम आदमी पार्टी ने इस रथ को रोका।