मोबाइल फोन की कॉलिंग से जीआरपी ने एक चोर को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किया है। इस मामले में धारा 379, 41, 1, 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दिसंबर महीने में त्रिवेंद्रम से कोरबा जा रही ट्रेन से एक युवक का बैग चोरी हो गया था। उसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन व कुछ आवश्यक सामान थे। इस मामले की रिपोर्ट चांपा जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई थी। चांपा जीआरपी ने मोबाइल पर जिस नंबर का सिम कार्ड था उसे साइबर सेल के जरिए ट्रैकिंग पर डाल दिया। जब-जब वह फोन चालू होता था और जिस-जिस नंबर पर उससे बात होती थी सभी का रिकार्ड खंगाला गया। कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ की गई तो पता चला कि चोरी गया मोबाइल फोन नयापारा सिरगिट्टी वार्ड क्रमांक 10 निवासी पदुम दास पिता नीलू दास मानिकपुरी 55 के पास है। जीआरपी ने उसे पकड़ा और पूछताछ की तो उसके पास से मोबाइल फोन के अलावा लैपटॉप भी मिल गया। जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।