पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • सीएमडी के प्रभारी प्राचार्य डॉ. तिवारी ने लिया वीआरएस

सीएमडी के प्रभारी प्राचार्य डॉ. तिवारी ने लिया वीआरएस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर

नया सत्र शुरू होने के पहले ही सीएमडी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. डीके तिवारी ने वीआरएस ले लिया। डॉ. तिवारी के आवेदन को सीएमडी कॉलेज की गर्वनिंग बॉडी की बैठक में रखा गया, जहां आवेदन को स्वीकार कर लिया गया है। साथ ही गर्वनिंग बॉडी ने उपप्राचार्य डॉ. पीएल चंद्राकर को प्रभारी प्राचार्य बनाए जाने के संकेत दिए हैं। वहीं जानकारी के अनुसार कॉलेज के डॉ. कमलेश जैन भी प्राचार्य की दौड़ में शामिल हैं। वहीं 8 महीने बाद भी कॉलेज ने पूर्व प्राचार्य डॉ. दीपक चक्रवर्ती के मामले की जानकारी उच्च शिक्षा विभाग को नहीं दी है। बिना उच्च शिक्षा विभाग को जानकारी दिए ही सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे ने डॉ. चक्रवर्ती को ज्वाॅइन भी कर लिया है। साथ ही शासन से केवल उनके वेतन संबंधी जानकारी मांगी है। एक जून से सभी कॉलेजाें में नया सत्र शुरू होने जा रहा है। कॉलेजों को एडमिशन को लेकर तैयारी करनी है। वहीं कॉलेज अब यूनिवर्सिटी पर आरोप लगा रहे हैं कि एडमिशन के नियमों की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। शहर के सबसे बड़े कॉलेज में हर साल की तरह इस साल भी छात्र एडमिशन लेने के लिए पूछताछ करने पहुंंच रहे हैं। सीएमडी कॉलेज में हर साल पैसा लेकर एडमिशन देने का आरोप लगाया जाता है। पिछले वर्ष मेरिट लिस्ट गलत जारी करने और खास लोगों के एडमिशन लेने का आरोप लगा था। इस साल और भी स्थिति खराब हो सकती है। पिछले साल एडमिशन के समय प्राचार्य डॉ. दीपक चक्रवर्ती थे। इनके ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगा, इसके बाद वे फरार चल रहे थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक के लिए रोक लगा दी थी। वहीं उनकी जगह प्रभारी प्राचार्य डॉ. डीके तिवारी को बनाया गया था। डॉ. तिवारी के प्राचार्य बनने के बाद सारा कार्य नियम से चल रहा था। कॉलेज के प्रोफेसरों के अनुसार डॉ. तिवारी बिना नियम के किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं करते थे। इसके कारण कॉलेज के उच्चाधिकारियों से प्रभारी प्राचार्य को तालमेल नहीं बन पा रहा था।

सीएमडी कॉलेज के गर्वनिंग बॉडी की बैठक में लिया गया निर्णय, चेयरमैन ने पूर्व प्राचार्य चक्रवर्ती को कराया ज्वाॅइन

डॉ. चक्रवर्ती मामले की नहीं दी शासन को जानकारी

सीएमडी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. दीपक चक्रवर्ती पर 9 अक्टूबर 2017 को एक महिला ने दुष्कर्म का अारोप लगाया था। इसके बाद से वे फरार चल रहे थे। उनके स्थान पर प्राचार्य का प्रभार कॉलेज प्रबंधन ने डॉ. तिवारी को दिया था। सुप्रीम कोर्ट से डॉ. चक्रवर्ती की गिरफ्तारी पर रोक लगी है। इसके बाद उन्होंने कॉलेज पहुंच कर ज्वाॅइन भी कर लिया है। कॉलेज के चेयरमैन ने मामले की जानकारी 8 महीने बाद भी उच्च शिक्षा विभाग को नहीं दी हैं। ज्वाॅइनिंग के बाद केवल चेयरमैन ने उच्च शिक्षा विभाग से वेतन देने संबंधी जानकारी मांगी है।

चंद्राकर संभालेंगे पद : सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे ने कहा कि डाॅ. तिवारी ने वीआरएस ले लिया है। उनका रिटायरमेंट 2020 में था। इनके आवेदन को गर्वनिंग बॉडी की बैठक में रखा गया था। बैठक में सदस्यों ने डाॅ. चंद्राकर को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया है। पूर्व प्राचार्य डॉ. चक्रवर्ती ने ज्वाॅइन कर लिया है। वे मेडिकल लीव पर नहीं हैं। उनके वेतन संबंधी जानकारी शासन से मांगी गई है।

खबरें और भी हैं...