अंतरजातीय विवाह पर 1.11 लाख जुर्माना, सामाजिक बहिष्कार भी
बिलासपुर | अंतरजातीय विवाह करने पर युवक व उसके परिवार को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। ग्राम बसिया निवासी प्रभात कुमार साहू पिता पुनीलाल साहू ने अंतरजातीय विवाह किया है। इसके कारण समाज के अध्यक्ष, महामंत्री व तहसील केंद्र पदाधिकारी ने उसे दंड स्वरूप 1 लाख 11 हजार रुपए का जुर्माना किया है। यह रकम उसने 3 मार्च को समाज में जमा कर दिया था। 20मई को वह ग्राम नगपुरा में अपने पिता व छोटे भाई के साथ शामिल होने गए थे इसी बीच समाज का तहसील अध्यक्ष संतोष साहू व केशव साहू ने तीनों को समाज व बारातियों के सामने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उन्होंने उन्हें समाज से बहिष्कृत बताकर दंड की रकम जमा नहीं करने हवाला दिया।