मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह की विकास यात्रा के दौरान शहर और जिले के गरीब परिवारों को स्मार्ट फोन बांटे जाएंगे। इसके लिए चयन सूची 3 जून तक प्रकाशित करने कहा गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश में 56 लाख तथा अकेले बिलासपुर शहर में 24 हजार बीपीएल परिवारों को चरणबद्ध ढंग से स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। नोडल अधिकारी के मुताबिक पहले चरण में विकास यात्रा के दौरान स्मार्ट फोन बांटे जाएंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह की विकास यात्रा जिले में11 जून को तखतपुर होते हुए शहर पहुंचेगी, परंतु मोबाइल वितरण का कार्यक्रम जुलाई में हो सकता है।
अब तक हो जाना था सर्वे: स्मार्ट फोन का वितरण छत्तीसगढ़ संचार क्रांति योजना मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ाने और परिवारों के लिए मोबाइल डिवाइस की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किया जाएगा। प्रथम चरण में 2017 एवं 18 तथा 2018-19 में 1000 से अधिक जनसंख्या वाले सभी ग्रामीण परिवारों तथा 1000 से कम जनसंख्या वाले ऐसे सभी गांव जहां मोबाइल कवरेज पूर्ण या आंशिक रूप से उपलब्ध है, के ग्रामीण परिवारों, शहरी गरीब परिवारों एवं कालेज के युवाओं को स्मार्ट फोन प्रदान किए जाएंगे। दूसरे चरण में 2019-20 में 1000 से कम जनसंख्या वाले ऐसे गांव जहां मोबाइल कवरेज उपलब्ध नहीं है।
निगम में सर्वे आज से
डिप्टी कमिश्नर मिथिलेश अवस्थी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में बीपीएल परिवारों की संख्या 24 हजार है। पात्रतानुसार 2007-8 की सर्वे सूची के आधार पर योग्य व्यक्ति से फार्म भरवाए जाएंगे। इसके लिए निगम के 60 सहायक राजस्व निरीक्षक तथा अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ये होंगे पात्र
स्मार्ट फोेन के वितरण के लिए चयन का आधार इस प्रकार रहेगा। परिवार की महिला मुखिया को प्राथमिकता, नहीं होने पर 18 से 60 वर्ष आयु की महिला सदस्यों में से वरिष्ठतम महिला, महिला नहीं होने पर पुरुष सदस्य का चयन किया जाएगा। वितरित किए जाने वाले मोबाइल की वारंटी एक वर्ष की होगी। स्मार्ट फोन में समस्या आने पर विकासखंड मुख्यालय में स्थापित संग्रहण केंद्र या रायपुर में स्थापित सर्विस सेंटर से संपर्क किया जा सकता है।