पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • स्कूलों में पानी की कमी, गर्मी की छुट्‌टी में मध्याह्न भोजन के लिए नहीं जा रहे बच्चे

स्कूलों में पानी की कमी, गर्मी की छुट्‌टी में मध्याह्न भोजन के लिए नहीं जा रहे बच्चे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर

सरकारी प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के हैंडपंप खराब हैं। इसके कारण शासन द्वारा चलाई जा रही मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित हो रही है। पानी की कमी के चलते बच्चे भोजन करने स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। जल संकट से जूझ रहे कुछ स्कूलों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था पूरी तरह ठप है। इस समय स्कूल भी नहीं खुल रहे हैं। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि मध्याह्न भोजन करने तक स्कूलों में प्रधान पाठक की उपस्थिति अनिवार्य है। सोमवार को अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे तो ज्यादातर स्कूल बंद मिले। बिलासपुर जिले में 1659 प्राइमरी और 756 मिडिल संचालित हो रहे हैं। 150 प्राइमरी व मिडिल स्कूलों के हैंडपंप बिगड़े पड़े हुए हैं।

ऐसे स्कूलों में अधिकारी पीने के पानी का इंतजाम नहीं करवा पा रहे हैं। गर्मी के दिनों में मध्याह्न भोजन के लिए स्कूल पहुंच रहे बच्चों को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल रहा है। इससे मध्याह्न भोजन कर्मचारी और छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिन स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था है, वहां भी कई सालों से टंकी की सफाई नहीं हुई है। बिल्हा विकासखंड के सहायक शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्णा दुबे और मुकेश मिश्रा सोमवार को ब्लॉक के प्राइमरी और मिडिल स्कूलों का औचक निरीक्षण करने प्राथमिक शाला चांटीडीह पहुंचे। स्कूल बंद मिला। इसके बाद नवीन डबरी पारा चांटीडीह प्राइमरी स्कूल पहुंचे। वहां भी गेट में ताला लटका मिला। पूछने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि न मध्याह्न भोजन बना था और नाही शिक्षक आए थे। चांटीडीह का मिडिल स्कूल खुला था। वहां शिक्षक मौजूद थे। हालांकि बच्चों की उपस्थिति बहुत कम थी। सिर्फ 21 बच्चे ही मध्याह्न भोजन करने पहुंचे। चिंगराजपारा प्राइमरी स्कूल खुला था। सोमवार को वहां मध्याह्न भोजन करने सिर्फ तीन बच्चे ही पहुंचे थे।

िचंगराजपारा स्कूल में सोमवार को मध्याह्न भोजन के लिए सिर्फ तीन बच्चे पहुंचे थे।

इन स्कूलों में पानी की समस्या

बिल्हा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले स्कूल प्राथमिक शाला लोफंदी, गाेपालपुर, बिरकोना, नगोई, लालखदान, खपरी, खम्हारडीह, गोढ़ी, कनेरी माध्यमिक शाला रमतला, सिरगिट्टी,डढहा सहित सभी ब्लॉक ज्यादातर स्कूलों में पानी की समस्या है। इससे यहां के बच्चों को आसपास के हैंडपंप या सार्वजनिक नलों से पानी पीना पड़ रहा है।

कई स्कूल बंद मिले

सोमवार को स्कूलों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे तो दो स्कूल बंद मिले। वहां मध्याह्न भोजन भी नहीं बांटा गया। बाकी स्कूल खुले मिले, लेकिन वहां बच्चों की उपस्थिति कम थी। नियम का पालन नहीं करने वाले प्रधान पाठकों को कारण बताओ नोटिस जारी होगा। - गोपाल कृष्णा दुबे, निरीक्षण अधिकारी

खबरें और भी हैं...