परीक्षा के 10 मिनट पहले प्रिंट होकर मिलेगा प्रश्नपत्र
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर
बिलासपुर यूनिवर्सिटी की यूटीडी की परीक्षा 23 अप्रैल से शुरू हो रही है। यूनिवर्सिटी इस वर्ष यूटीडी के छात्रों का प्रश्नपत्र 10 मिनट पहले ही प्रिंट करके केंद्राध्यक्षों को देगी। इसके लिए यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने टेस्टिंग की। प्रश्नपत्र छपने के लिए यूटीडी में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसमें नया कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर लगाया गया है। इसी कक्ष से कैमरे द्वारा परीक्षा कक्षों की मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा के लिए यूनिवर्सिटी ने प्रवेशपत्र जारी कर दिया है।
बिलासपुर यूनिवर्सिटी के टीचिंग डिपार्टमेंट में 5 विभाग संचालित हो रहे हैं। यूटीडी में कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन, कॉमर्स एंड फाइनेंस स्टडी, फूड प्रोसेसिंग एंड टेक्नॉलॉजी, होटल मैनेजमेंट एंड हॉस्पिटेलिटी, माइक्रोबॉयोलॉजी एंड बायो इनफार्मेशन विभाग संचालित हो रहा है। इन विभागों में लगभग 700 छात्र अध्ययनरत हैं। इस बार यूटीडी के विभागों की सेमेस्टर परीक्षा 23 अप्रैल से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 8 मई तक चलेगी। परीक्षा दो पाली में होगी। सुबह 8 से 11 और 12 से 3 बजे तक होगी। परीक्षाओं के समय पेपर लीक के मामले आ रहे हैं। इस तरह के मामले रोकने को लेकर यूनिवर्सिटी इस वर्ष नया सिस्टम लागू कर रही है। यूटीडी में परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले पेपर को परीक्षा हॉल के कंट्रोल रूम में प्रिंट होगा। वहीं परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले केंद्राध्यक्षों को दिया जाएगा।
यूटीडी के छात्रों की परीक्षा के लिए जारी हुआ प्रवेशपत्र, प्रश्नपत्र छापने यूटीडी में लगाए गए कंप्यूटर, प्रिंटर और स्कैनर
टेस्टिंग में 15 मिनट में ही छप गए प्रश्नपत्र
बिलासपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जीडी शर्मा, कुलसचिव डॉ. इंदू अनंत ने स्ट्रांग रूम में पेपर छापने की टेस्टिंग की। सहायक कुलसचिव सीएचएल टंडन ने बताया कि 15 मिनट पहले ही पेपर छप गया। परीक्षा के पहले प्रश्नपत्र छापकर परीक्षा को संचालित करने की जिम्मेदारी सहायक कुलसचिव सीएचएल टंडन, डॉ. एचएस होता, प्रो. जितेंद्र गुप्ता को दी गई है। परीक्षा विभाग से यूटीडी में जिस विभाग के जिस विषय की परीक्षा रहेगी उसका एक घंटे पहले एक कोड बनाई गई टीम के पास जाएगा। यूटीडी में एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। वहां 2 प्रिंटर, 2 कंप्यूटर, एक लैपटॉप सहित बिजली की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके बाद टीम द्वारा जितने छात्र परीक्षा दे रहे हैं, उतना पेपर प्रिंट करेंगे। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्राध्यक्षों के पास भेजेंगे।
यूटीडी की परीक्षा के ये हैं केंद्राध्यक्ष
यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट की परीक्षा 23 अप्रैल से शुरू हो रही है। 8 मई तक चलेगी। सुबह 8 से 11 और 12 से 3 बजे तक दो पाली में परीक्षा होगी। परीक्षा के केंद्राध्यक्ष सुबह पाली में डॉ. कलाधर, प्रो. सीमा बेलोरकर और द्वितीय पाली की केंद्राध्यक्ष प्रो. लतिका भाटिया और प्रो. सुमोना भट्टाचार्य हैं। परीक्षा के लिए छात्रों का प्रवेशपत्र जारी कर दिया गया है।
सफल रही टेस्टिंग
बिलासपुर यूनिवर्सिटी के सहायक कुलसचिव सीएचएल टंडन ने बताया कि यूटीडी में परीक्षा कराने को लेकर टेस्टिंग की गई है। इस समय कुलपति प्रो. जीडी शर्मा, कुलसचिव डॉ. इंदू अनंत भी उपस्थित थीं। स्ट्रांग रूम में ऐसी व्यवस्था की गई है कि परीक्षा में कोई परेशानी नहीं आएगी। टेस्टिंग में 10 मिनट के अंदर ही पेपर प्रिंट हो गया था।