कोरबा| कटघोरा थाना के जटगा चौकी अंतर्गत कटाेरी नगोई गांव
कोरबा| कटघोरा थाना के जटगा चौकी अंतर्गत कटाेरी नगोई गांव में राजेंद्र समेत तीन युवक नशे में धुत होकर पहुंचे। वे सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौच करने लगे। ग्रामीणों ने मना किया तो वे उनसे विवाद करने लगे। सूचना पर जटगा चौकी से सिपाही चंद्रप्रकाश रात्रे मौके पर पहुंचा। उसने हंगामा कर रहे युवकों को घर जाने की समझाइश दी। इतना सुनते ही वे तीनों आक्रोशित हो गए। उन्होंने सिपाही को पकड़कर उससे मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने पास घर के बाड़ी में रखे फावड़ा लाकर उससे सिपाही पर हमला कर दिया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद तीनों भाग निकले। ग्रामीणों ने घटना की सूचना जटगा चौकी में देने के साथ ही घायल सिपाही को कटघोरा अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर स्थिति देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी कुछ घंटे उपचार करने के बाद सिम्स(बिलासपुर) रेफर कर दिया गया। उधर घटना के बाद भागे तीनों आरोपियों में से दो को ग्रामीणों ने खोजकर पकड़ लिया। जिनकी जमकर खातिरदारी की गई।