भरनी कैंप में सीआरपीएफ असिस्टेंट प्लाटून कमांडर ने खुद को गोली मारी
जिले के भरनी कैंप में सीआरपीएफ के असिस्टेंट प्लाटून कमांडर (एपीसी) ने सुबह खुद को गाेली मार ली। खुदकुशी का कारण अभी अज्ञात है। मृतक पुष्पेंद्र बहादुर बघेल (50) पिता सरवन सिंह मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के ग्राम सुकदास का निवासी था।
पुष्पेंद्र पिछले तीन वर्ष से भरनी कैंप में पदस्थ था। यहां वह गार्ड चेक ड्यूटी कर रहा था, मोर्चा में ही उसके सोने की व्यवस्था थी। रोज की तरह रविवार रात भी वह ड्यूटी के बाद मोर्चा में आकर सो गया। सुबह गार्ड अभय तिवारी उसके पास मिलने गया था।
कुछ देर ठहरने के बाद वह मोर्चा से नीचे आया। इसी बीच सुबह 6:05 बजे उसे मोर्चा से गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वह भागते हुए ऊपर गया। यहां पुष्पेंद्र अौंधे मुंह पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। शरीर से काफी मात्रा में खून बहा था। उसने एके-47 राइफल से ठुड्डी के नीचे रखकर दो बार फायर किया था। गोली की आवाज सुनकर कैंप के अन्य जवान भी पहुंचे।उन्होंने सीआरपीएफ अफसरों को सूचना दी तो वह भी मौके पर पहुंचे और सकरी पुलिस को सूचना दी। शेष|पेज 10
पुलिस ने उसके शव का बिल्हा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराया। घटना की जानकारी मिलने पर एपीसी का भतीजा देवेंद्र सिंह पहुंचा था। पुलिस ने शव को उसे सुपुर्द कर दिया जिसे लेकर वह गृहग्राम चला गया।