पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • व्यापारियों की चिट्‌ठी 15 लाख रुपए मांग रहे फूड अफसर अधिकारी बोले लगातार कार्रवाई से चिढ़े हुए हैं कारोबारी

व्यापारियों की चिट्‌ठी- 15 लाख रुपए मांग रहे फूड अफसर अधिकारी बोले- लगातार कार्रवाई से चिढ़े हुए हैं कारोबारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आशीष दुबे | बिलासपुर 99079-01010

बिलासपुर के चार कथित व्यापारियों ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के दो बड़े अफसरों पर संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर कहा है कि उन्हें मंत्री और सचिव तक पैसा पहुंचाने का भय दिखाकर पैसों के लिए तंग किया जा रहा है। होली और दिवाली में ये अधिकारी 15 से 20 लाख रुपयों की मांग करते हैं। नहीं देने पर सैंपल फेल कराने और जुर्माना लगाने की धमकियां मिलती है। इससे वे परेशान हो चुके हैं। इसके चलते उन्होंने इन अफसरों पर कार्रवाई की मांग की है।

ये आरोप खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के इंचार्ज देवेंद्र विन्ध्यराज और इंस्पेक्टर रोहित बेहरा पर लगे हैं। बिलासपुर के आवेदक किशन डोडवानी, राकेश राठौर, मोहम्मद रजा और एम वेंंकटेश ने लिखा है कि जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की बड़ी पहुंच है। इसके चलते ही कोई अफसर इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। यहां पदस्थ दोनों अधिकारी हर त्यौहार में रुपयों की मांग करते हैं। विभागीय मंत्री तक पैसा पहुंचाने की बात कहते हैं। साथ ही सेक्रेटरी का उल्लेख भी करते हैं और कहते हैं कि हमें यहां जरूरत के मुताबिक पैसा भेजना पड़ता है। इसके कारण कुछ व्यापारी ज्यादा परेशान हो चुके हैं। इसलिए उन्होंने भ्रष्टाचार से मुक्त करने की मांग की है। ये चिट्‌ठी कलेक्टोरेट पहुंच चुकी है। अफसरों का कहना है कि मामले में जल्द जांच शुरू होगी। जिन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों पर ये आरोप है कि वे साफतौर पर इस पत्र को झूठा करार दे रहे हैं। उनके मुताबिक उन्होंने पिछले कुछ महीनों में बड़े दुकानों पर जांच और कार्रवाई की है। वे ही पीछे पड़े हैं। इसके अलावा इस पत्र में कुछ नहीं है। यदि कोई ऑडिया या वीडियो है, तो इसकी जांच करवाई जा सकती है। वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।

नामी होटल, दुकान और रेस्टॉरेंट से सैंपल उठाने के बाद रोकी कार्रवाई की फाइल इसलिए सवाल

खाद्य एवं औषधि विभाग ने कहा.. बड़े लोगों पर की है कार्रवाई, वही लगे हैं पीछे हम किसी तरह की जांच के लिए तैयार, कभी कोई भी आर्थिक गड़बड़ी नहीं की है

ये फाइलें रुकी हुईं, महीनों से कार्रवाई नहीं, कई तरह के संदेह

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दीवाली से पहले जिन संस्थानों से सैंपल उठाए हैं। उनमें शुभम किराना स्टोर देवनंदगन नगर की बेसन मिथ्याछाप मिली है। इसी तरह पेंड्रा में बाबा एंड बैकरी से पैक्ड टोस्ट की रिपेार्ट अमानक मिली है। राम बलराम किराना स्टोर से कोकोनट बिस्किट मिथ्याछाप पाई गई है। बेलगहना के एडी किराना स्टोर से पंकज नमकीन, राज जलपान गृह सरकंडा, शिव स्वीट्स रतनपुर, बबलू स्वीट्स रतनपुर, क्वालिटी रेस्टारेंट और सुभाष डेयरी के सामान में भी मिथ्याछाप मिली है।

यहां लगा था जुर्माना, तब से हड़कंप

संस्थान सामान जुर्माना

सांची मिल्क पार्लर तखतपुर दही अमानक 30 हजार

हरीश ट्रेडर्स व्यापार विहार सामान में गड़बड़ी 30 हजार

होटल ग्रंेंड अम्बा पनीर अमानक 50 हजार

छत्तीसगढ़ होटल तोरवा अमानक खोवा 40 हजार

नेशनल डेयरी नेहरू नगर घी अमानक 40 हजार

हरियाली ढाबा बिरयानी में गड़बड़ी 25 हजार

श्री राम स्टोर चांटीडीह अमानक बिस्किट 25 हजार

सीताराम होटल रतनपुर खोवे में लापरवाही 40 हजार

रसोइ इन बुंदी में गड़बड़ी 50 हजार

भैया जी स्वीट्स बुंदी लड्डू 40 हजार

साझा चूल्हा महाराणा प्रताप चौक पनीर अमानक 50 हजार

मुकेश किराना स्टोर बुंदी में गड़बड़ी 25 हजार

शंकर एजेंसी मंगला बेसन में गड़बड़ी 50 हजार

जै माता दी डेयरी दूध अमानक 20 हजार

ग्लोबल सुपर बाजार सरकंडा आटे में गड़बड़ी 20 हजार

ओम किराना स्टोर मंगला नूडल्स में अमानक 20 हजार

बजरंग डेयरी दूध अमानक 20 हजार

अर्जुनदास आइस कैंडी में गड़बड़ी 20 हजार

सवाल पूछने पर दी लिस्ट और कहां यहां हुई कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने उन दुकानदारों की लिस्ट दी, जिनके खिलाफ उन्होंने जांच की है। ये दावा भी किया कि यह अब तक कि बिलासपुर में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इनमें तीन बिना लाइसेंस दुकानों के प्रकरण को सीजेएम कोर्ट में पेश करने की बात कही गई। इसके अलावा जिन दुकानदारों के सैंपल पास या फेल हुए इनकी जानकारी भी उपलब्ध कराई है।

कथित व्यापरियों की सरकार को लिखी गई चिट्‌ठी।

जानिए, त्यौहारों में किन होटल से उठाए थे सामान के सैंपल

खाद्य अफसरों ने राज जलपान से पेड़ा, देवकीनंद चौक स्थित संतोष भुवन से मगज लड्‌डू, बबलू स्वीट्स रतनपुर से खोवा, रतनपुर के भवानी होटल से बुंदी लड्‌डू, अशोक नगर स्थित रिनीज नेक्स्ट रेस्टारेंट से केसर बर्फी, व्यापार विहार में क्वालिटी रेस्टारेंट से मगज लड्‌डू, रेलवे के छवि होटल से कलाकंद, गोलबाजार स्थित मौसाजी होटल से काजू बर्फी, तिफरा के जय बजरंग हाेटल से बर्फी, सुभाष डेयरी मंगला चौक से खोवमंगला चौक में मनोज स्वीट्स से बेसन लड्‌डू के सैंपल उठाए थे।

सीधी बात

झूठी है शिकायत, किसी तरह से रुपयों की गड़बड़ी नहीं की है

देवेंद्र विन्ध्यराज, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बिलासपुर

आपके ऊपर कुछ कथित व्यापारियों ने आरोप लगाए हैं, कहां है हर त्यौहार रिश्वत मांगी जाती है?

- ये शिकायत मेरे संज्ञान में है। रायपुर के अधिकारियों ने मुझे ये जानकारी दी है।

चिट्‌ठी में ऑडिया और वीडियो होने की बात लिखी है, इसपर क्या कहेंगे?

- यदि कुछ ऐसा है तो व्यापारी पेश कर सकते हैं। हम हर कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

क्या मानते हैं, किसने और क्याें की है ये शिकायत?

- हमने अब तक बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की है, इससे ही कुछ लोग नाराज हैं। संभवत: वे ही ऐसा कर सकते हैं।

ऐसा आप किस लिहाज से कह सकते हैं?

- हम आपको जांच और कार्रवाई की पूरी लिस्ट उपलब्ध कराएंगे।

सारे आरोप बेबुनियाद कार्रवाई जारी रहेगी

कथित व्यापारियों की शिकायतों में कोई दम नहीं है। वे कार्रवाई के भय से ऐसा कर रहे हैं। हम किसी भी स्तर पर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी रखेंगे। आगे मिलावट के खिलाफ बड़ी जांच चलेगी। इसके लिए टीम तैयार हो रही है। हर स्तर पर सामान में मिलावट रोकना हमारी दायित्व है। - रोहित बेहरा, इंस्पेक्टर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, बिलासपुर

खबरें और भी हैं...