ग्राम स्वराज अभियान आज से, पहले दिन मनेगा सामाजिक न्याय दिवस
प्रशासनिक रिपोर्टर | बिलासपुर
ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत 14 अप्रैल से हो रही है। अभियान 5 मई तक चलेगा। पहले दिन खारंग परिसर के गांधी प्रार्थना सभाकक्ष में सामाजिक न्याय दिवस का आयोजन रखा गया है। सामजिक न्याय दिवस के माैके पर सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
ग्राम स्वराज अभियान का मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय को बढ़ावा देना है। कलेक्टर पी.दयानंद ने हाल ही में बैठक लेकर अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए है। जिला पंचायत सीईओ फरिहा आलम सिद्दिकी ने बताया कि 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत दिवस, 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस 28 अप्रैल को ग्राम स्वराज दिवस, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस, दो मई को किसान कल्याण दिवस व 5 मई को आजीविका दिवस का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान विशेष दिवसों में विभिन्न कार्यक्रम जनपद स्तर पर आयोजित होंगे। इनमें बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अनुविभाग स्तर व जनपद स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुविभाग स्तर पर नोडल अधिकार होंगे व संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगे। सामाजिक न्याय दिवस के लिए आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इसी प्रकार स्वच्छ भारत दिवस के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, उज्जवला दिवस के लिए खाद्य विभाग, राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस एवं ग्राम स्वराज दिवस के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
जिला व जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त
जिला स्तर पर परियोजना अधिकारी हरजीत सिंह हूरा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जनपद स्तर पर बिल्हा (उत्तर) के लिए बिलासपुर एसडीएम देवेंद्र पटेल, बिल्हा दक्षिण के लिए बिल्हा एसडीएम वीरेंद्र लकड़ा, बिल्हा उत्तर के लिए जनपद पंचायत सीईओ एसआर नायक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मस्तुरी जनपद स्तर पर एसडीएम डीआर डाहिरे, नोडल तो सीईओ मोनिका वर्मा सहायक नोडल अधिकारी होंगे। तखतपुर व कोटा के लिए एसडीएम कीर्तिमान राठौर नोडल अधिकारी है। सीईओ राजेन्द्र पाण्डेय सहायक नोडल है कोटा के लिए सीईओ हिमांशु गुप्ता सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। गौरेला-पेण्ड्रा व मरवाही के लिए एसडीएम नूतन कंवर नोडल अधिकारी है। गौरेला के लिए सीईओ एमके यादव सहायक नोडल अधिकारी हैं। पेण्ड्रा के लिए सीईओ अजय पटेल तो मरवाही के लिए सीईओ जीआर ठाकुर सहायक नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।