पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चकरभाटा हवाई अड्‌डे का सर्वे आज, टीम पहुंची

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रशासनिक रिपोर्टर | बिलासपुर

चकरभाटा में घरेलू हवाई सेवा शुरू करने के पहले ऑब्सटेकल लिमिटेशन सरफेस (बाधा सीमा सतह) सर्वे के लिए मंगलवार की रात को टीम पहुंची। बुधवार को टीम चकरभाटा जाएगी और अगले 12 से 15 दिनों तक सर्वे करेगी। सर्वे में यह देखा जाएगा कि हवाई अड्‌डे के आसपास कोई बड़ी बिल्डिंग, टॉवर या ऊंचे पेड़ तो नहीं है। यदि होंगे तो इसकी रिपोर्ट तैयार कर नागरिक उड्डयन मंत्रालय को टीम भेजेगी।

बिलासपुर समेत राज्य के पांच शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए ओडिशा एयरलाइंस से अनुबंध किया गया है। एयर ओडिशा के विमान से लोग आने वाले दिनों में सफर करेंगे। बिलासपुर के साथ ही रायपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ के लोगों को यह सुविधा मिलेगी। एक घंटे की हवाई सेवा के लिए 1500 से 2000 रुपए तक किराया होने की बात कही जा रही है लेकिन अभी तक यह तय नहीं है। चकरभाटा हवाई पट्‌टी में पांच वॉच टावर के साथ ही बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा हो गया है। इसके अलावा मौसम विभाग के लिए अलग बिल्डिंग बनाई गई है। इन निर्माण कार्य पर सात करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इधर, पिछले दिनों हवाई सेवा शुरू करने के पहले ऑब्सटेकल लिमिटेशन सरफेस यानी ओएलएस सर्वे के लिए टेंडर जारी किया गया। इसके पहले जगदलपुर में ओएलएस सर्वे हो चुका है। मंगलवार की रात को सर्वे टीम बिलासपुर पहुंचीं। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ जीआर जांगड़े ने बताया कि टीम शाम को आने वाले थी लेकिन ट्रेन लेट होने की वजह से वह रात को आई। टीम के सदस्य अभी होटल में ठहरे हैं।बुधवार की सुबह टीम के सदस्य सर्वे के लिए चकरभाटा जाएंगे। 12 से 15 दिनों तक सर्वे करने के बाद अधिकारी नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। पीडब्ल्यूडी ने अपने हिस्से का काम लगभग पूरा कर लिया है। हवाई पट्‌टी का डामरीकरण भी कर लिया गया है। इधर यह भी कहा जा रहा है कि सर्वे के बाद लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू होगी। एयरपोर्ट में आग और अन्य दुर्घटना रोकने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित कराया जा चुका है। मौसम केंद्र भी बन गया है और वहां मौसम विज्ञानी भी नियुक्त कर दिया गया है।

घरेलू हवाई सेवा शुरू करने के पहले ओएलएस टीम 15 दिनों तक सर्वे करेगी, नागरिक उड्‌डयन मंत्रालय को भेजेगी रिपोर्ट

खबरें और भी हैं...