तालाबों को भरने 22 को खुलेंगे खूंटाघाट के गेट
प्रशासनिक रिपोर्टर | बिलासपुर
नहर किनारे बसे गांवों में निस्तारी तालाबों को भरने के लिए कलेक्टर व जिला जल उपयोगिता समिति के पदेन अध्यक्ष ने खूंटाघाट बांध का गेट 22 अप्रैल को खोले जाने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने नहर किनारे बसे गांवों में मुनादी कराने को कहा है।
निस्तारी हेतु तालाब भरने के लिए खारंग जलाशय के दोनों तट के नहरों में 22 अप्रैल से पानी छोड़ा जाए। कलेक्टर ने मस्तूरी व बिल्हा एसडीएम को निर्देशित किया है कि नहर के किनारे के गांवों में जहां निस्तारी के लिए तालाबों में पानी भरा जाना है, मुनादी कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा है कि यह भी देखा जाए कि नहर के पानी का उपयोग केवल निस्तारी यानी तालाबों को भरने के लिए हो। यदि कहीं भी पानी को निस्तारी के अलावा अन्य उपयोग करते या अनावश्यक अपव्यय करते पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए। जल संसाधन विभाग के मैदानी अमले को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि जिन गांवों में निस्तारी के लिए तालाब भरे जा सकते है, उन्हें भरने के लिए पानी दिया जाए। यह भी सुनिश्चित करे कि किसी भी दशा में निस्तारी के अलावा अन्य प्रयोजन से पानी न दिया जाए और न ही पानी का नुकसान हो। इस संबंध में नहर से लगे गांवों के ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि नहर के पानी का दुरुपयोग व अपव्यय रोकने में सहयोग प्रदान करते हुए केवल निस्तारी तालाब भरने के लिए नहर के पानी का उपयोग किया जाए।