जयंती से पहले रैली निकाल दिया धार्मिक संदेश, आज शोभायात्रा और धर्मसभा होगी
आदित्य वाहिनी और अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण समाज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली श्री सिद्ध गणेश मंदिर कंस्ट्रक्शन कॉलोनी रेलवे से शाम के समय शुरू हुई। 21 फर्सों की पूजा की गई।
रैली को झंडी दिखाकर कांग्रेस नेता शैलेष पांडेय व अन्य ने रवाना किया। मंदिर से निकाली गई रैली में युवाओं ने भगवान परशुराम के जयकारे भी लगाए। शहर भ्रमण करने के बाद रैली पुराना बस स्टैंड हनुमान मंदिर में पहुंची, भगवान परशुराम की महाआरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इसमें शहर व आसपास के क्षेत्र से हजारों युवा शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. विवेक वाजपेयी, डॉ. आशुतोष तिवारी, चेतनधर दीवान, चंद्रचूड़ त्रिपाठी, सुनील शुक्ला, नितेश तिवारी, मनोज तिवारी, स्वप्निल शुक्ला, राजेंद्र शुक्ला, ब्राम्हण अंतरराष्ट्रीय युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पांडेय, प्रदेश महासचिव अनुभव वाजपेयी, संभागीय अध्यक्ष अनुराग पांडेय, प्रदेश सचिव आशीष तिवारी, शशांक त्रिवेदी, संजू त्रिपाठी, निलय तिवारी, मनीष मिश्रा, आलिंद्र तिवारी, लक्की दुबे, मंटू तिवारी, सोम पांडेय, अनुराग शुक्ला, मयंक शर्मा, यजुर तिवारी, विकास पांडेय, आशीष शर्मा, आयुष तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई विशाल रैली।
देवकीनंदन स्कूल में धर्मसभा के बाद महाआरती
भगवान परशुराम जन्मोत्सव समग्र ब्राम्हण समाज और परशु सेना के द्वारा उत्साह से मनाया जाएगा। हर की भांति इस वर्ष भी आराध्य देव की शोभायात्रा बुधवार को शीतला माता मंदिर से शाम 4 बजे निकाली जाएगी। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए देवकीनंदन स्कूल प्रांगण में आयोजित धर्मसभा में समायोजित होगी। शोभायात्रा में परशुराम की जीवंत झांकी के साथ ही कर्मा नृत्य, सुआ नृत्य और अन्य झांकियां शामिल रहेंगे। धर्मसभा में पंचअग्नि अखाड़ा के आचार्य कृष्णानंद महाराज के द्वारा प्रवचन के दिया जाएगा। महाआरती के बाद भोग प्रसाद किया जाएगा। इसमें शहर व आसपास क्षेत्र से विप्रजन शामिल होंगे। स्कूल परिसर में धर्मसभा में अन्य विभिन्न जगहों से निकाली गई शोभायात्रा भी पहुंचेगी। पूरे शहर को भगवा और पीले झंडे सजाया गया है।
सुबह से होगी पूजा-अर्चना
भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर यदुनंदन नगर छत्तीसगढ़िया द्विज परिवार कल्याण समिति के द्वारा परशुराम भवन शिव मंदिर के पीछे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9 बजे से पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम को 4 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह नगर पालिका तिफरा से होते हुए देवकीनंदन स्कूल में पहुंचेगी।