पुरैना सहकारी समिति में घोटाला: मिट्टी पटाई में भ्रष्टाचार की शिकायत उप पंजीयक तक पहुंची
तखतपुर इलाके के ग्राम पुरैना सेवा सहकारी समिति में पूर्व अध्यक्ष और संस्था प्रबंधक द्वारा धान खरीदी केंद्र ढनढन और पुरैना के मिट्टी कार्य में लाखों रुपए का भ्रष्टाचार करने की शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और सहकारी संस्थाएं के उप पंजीयक को पत्र लिखकर बताया है कि धान खरीदी केंद्र ग्राम ढनढन और पुरैना के पास मिट्टी पाटने का कार्य किया गया है जिसमें लगभग साढ़े पांच लाख रुपए का आहरण किया गया जबकि मौके पर ग्राम ढनढन में 120 ट्रैक्टर ट्राली मिट्टी डाला गया है जिसकी कुल लागत 24 हजार रुपए है। वहीं ग्राम पुरैना में लगभग 300 ट्रैक्टर डाला गया है जिस पर 51 हजार रुपए खर्च किया गया है। इस प्रकार दोनों गांव के कार्य का कुल लागत 75 हजार रुपए होता है लेकिन अध्यक्ष एवं प्रबंधक के द्वारा फर्जी बिल बाउचर बनाकर साढ़े पांच लाख रुपए का आहरण किया गया है जो कि भ्रष्टाचार और गबन की श्रेणी में आता है। ग्रामीणों ने पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंधक के खिलाफ भी 2 लाख 25 हजार रुपए आहरण कर बिना कार्य के गबन करने की शिकायत की है। वहीं इसकी शिकायत रायपुर में पंजीयन कार्यालय और संयुक्त पंजीयक कार्यालय बिलासपुर से भी की गई है। जिसकी जांच अब तक शुरू भी नहीं हो पाई है। शिकायत करने वालों में मैनेजर सिंह, संतोष निर्मलकर, सहित अन्य ग्रामीण शामिल है।