मेयर की सदबुद्धि के लिए हवन करते 21 कांग्रेसी गिरफ्तार, 4 घंटे बाद रिहा
नगर निगम के गेट पर मेयर किशोर राय के खिलाफ सदबुद्धि यज्ञ करते 21 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को मेयर के कार्यालय से लौटते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कांग्रेसियों को आंदोलन की जगह बदलने की समझाइश दी थी। कांग्रेसी पार्षद 300 सफाई कर्मियों के नए सेट अप का प्रस्ताव एमआईसी से पारित कराने की मांग को लेकर इक्कीस दिनों से निगम के गेट के सामने क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं। घोषणा के मुताबिक आज दोपहर पौने दो बजे के करीब जैसे ही मेयर कार्यालय से लौटे पार्षदों ने निगम के गेट पर सदबुद्धि यज्ञ करने का उपक्रम शुरू किया। बताते हैं कि हवन कुंड में आग लगाते ही पुलिस ने एक एक कर कांग्रेसियों को पकड़ कर पुलिस बस में बिठा लिया। उत्तेजित कांग्रेसियों ने मेयर और नगरीय प्रशासन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की तथा हंगामा मचाया। गिरफ्तार कांग्रेसियों जिनमें शेख नजीरुद्दीन, राजेश पांडे, शैलेष पांडे, अखिलेशचंद्र प्रदीप वाजपेयी, शिवा मिश्रा, श्याम कश्यप, निर्मल मानिकपुरी, बद्री यादव, विक्की आहूजा आदि शामिल थे, कोनी थाने ले जाया गया। जहां से 4 घंटे बाद उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया। बता दें कि 9 अप्रैल को निगम गेट पर मंत्री की कार के सामने प्रदर्शन करते 33 कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
हफ्ते भर में दूसरी बार गिरफ्तारी
निगम के गेट पर सदबुद्धि यज्ञ करते कांग्रेसियों को गिरफ्तार करती पुलिस।
मेयर बोले- कानून से कोई ऊपर नहीं, आंदोलन स्थल बदलें
मेयर किशोर राय ने कहा है कि निगम का गेट कोई प्रदर्शन स्थल नहीं है। जब पुलिस प्रशासन ने आंदोलन की जगह बदलने कहा है, तो उस पर अमल करना चाहिए। कानून से कोई ऊपर नहीं है। लगता है कि प्रदर्शनकारी अपने आप को कानून से ऊपर मानते हैं। कामकाज में बाधा डालने, निगम के क्रियाकलापों को प्रभावित करने का किसी को अधिकार नहीं है। यज्ञ के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके लौटते वक्त कांग्रेसी चुपचाप बैठे नजर आए। आगे क्या हुआ, उन्हें नहीं मालूम।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए तानाशाही के आरोप
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शेख नजीरुद्दीन ने आरोप लगाया कि मेयर किशोर राय कांग्रेसियों के शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने के लिए लगातार पुलिस का सहारा ले रहे हैं। सोमवार को भी इस प्रकार की कोशिश की गई। लिहाजा कांग्रेस पार्षदों ने मेयर की सदबुद्धि के लिए यज्ञ करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि मेयर को हठधर्मिता छोड़कर 300 सफाई कर्मचारियों के परिवारों के हित में नए सेट अप का प्रस्ताव पारित करना चाहिए। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
अपर कमिश्नर ने एसपी से मांगी मदद
मंत्री की कार पर तोड़फोड़ की कोशिश के बाद अपर कमिश्नर बीएल सुरक्षित ने एसपी को पत्र लिख कर निगम के गेट पर धरना प्रदर्शन से कामकाज में बाधा उत्पन्न होने तथा नागरिकों कोे हो रही परेशानियों का जिक्र किया था। मांग की गई थी कि निगम के कामकाज को सुचारू रूप से चलने देने के लिए आंदोलन का स्थल परिवर्तित करने के लिए कार्यवाही की मांग की गई थी। इसके बाद से पुलिस कांग्रेसियों को आंदोलन की जगह बदलने के लिए लगातार आग्रह कर रही है।