युवाओं ने बताया चोरी और छेड़छाड़ से कैसे बचें
ट्रेनों में लगातार हो रही चोरियों और महिलाओं से छेड़छाड़ रोकने के उद्देश्य से एसआरपी ने मितान पुलिस का गठन किया है। इस टीम में युवक और युवतियों शामिल हैं जो सुरक्षा का प्रदर्शन कर महिलाओं को जागरूक कर रहे हैं। वे इन दिनों राज्य के अलग-अलग स्टेशनों में प्रदर्शन कर महिलाओं को जागरूक कर रहे हैं ।
इस टीम ने बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन में प्रदर्शन किया। ट्रेनों में चोरी की सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं हो रही हैं। महिलाओं को शिक्षित करने और उन्हें सुरक्षा के बारे में बताने के उद्देश्य से पूर्व डीजी राजेश श्रीवास्तव ने एक प्लान तैयार किया था। इसके तहत एसआरपी रायपुर ने जूडो कराटे में पुरस्कार प्राप्त हर्षा साहू के नेतृत्व में मितान पुलिस टीम का गठन किया है। टीम ने रेल गर्जना नाम से एक कार्यक्रम की शुरुआत की है। कार्यक्रम का मकसद ट्रेनों में सफर करने वाली महिलाओं को सचेत रहने अपने पर्स और सामान की सुरक्षा और छेड़छाड़ होने पर स्वयं की सुरक्षा कैसे करना है इन सब के बारे में जानकारी दी। महिलाओं को बताया कि वे आवश्यक रूप अपने साथ सेफ्टी पिन रखें ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके। 20 लोगों की टीम में जीआरपी के कांस्टेबलों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने यात्री प्रतीक्षालय एवं प्लेटफार्म पर बैठी महिला को प्रदर्शन के जरिए स्वयं की सुरक्षा को समझाया। इस मौके पर डीएसपी लहरे व डिविजनल इंस्पेक्टर आरके बोरझा, जीआरपी प्रभारी अमरनाथ खटकर सहित जीआरपी का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। इस कार्यशाला में अलग-अलग तरह के पैतरे महिलाओं को बताए गए। यह टीम गुरुवार को रायगढ़ रेलवे स्टेशन में अपना प्रदर्शन करेगी। टीम के सदस्यों ने चलती ट्रेन में भी महिलाओं को सुरक्षित रहने के तरीके बताए।
ट्रेनों में महिलाओं को जागरूक करने एसआरपी में स्वयं सेवियों को लेकर टीम बनाई
युवाओं ने रेलवे स्टेशन में प्रदर्शन कर महिलाओं को जागरूक किया।