बिलासपुर | जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुर्ग की अपील पर हाईकोर्ट ने राज्य शासन, अपेक्स बैंक और पंजीयक सहकारी संस्थाएं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामला बैंक में सीईओ की नियुक्ति से जुड़ा है। अपेक्स बैंक ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुर्ग में एसके जोशी को सीईओ नियुक्त किया था। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुर्ग ने इसे नहीं मानते हुए संतोष कुमार निवसरकर को सीईओ नियुक्त कर दिया। इसके खिलाफ जोशी ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई। हाईकोर्ट ने जोशी की याचिका पर सुनवाई करते हुए 3 मई को निवसरकर की नियुक्ति पर अगले आदेश तक रोक लगा दी। बैंक और निवसरकर ने इसके खिलाफ अपील की है। गुरुवार को इसे सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य शासन, अपेक्स बैंक और पंजीयक सहकारी संस्थाएं को नोटिस जारी किया है।