नगर निगम जरहाभाठा मिनी बस्ती जतिया तालाब के मार्ग में नाला का निर्माण करा रहा है। सड़क की चौड़ाई 40 फीट की जानी है। सड़क किनारे 12 से 15 फीट तक कब्जा था। नाला निर्माण में मकानों के बाधा उत्पन्न करने पर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने कार्रवाई करते हुए 9 मकान को तोड़ा। अब तक यहां से 20 मकान हटाए जा चुके हैं। वहीं यहां के निवासरत लोगों को मंगला की शिक्षक कॉलोनी स्थित मकानों काे आवंटित करने की कार्रवाई भी शुरू की गई। शासकीय जेपी वर्मा कॉलेज के बगल से महंत बाड़ा मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। साथ ही जतिया तलाब की ओर जाने वाले नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण के दौरान कई मकान बीच में आ रहे थे। इन्हें हटाने के लिए निगम का अमला लगा हुआ था। गुरुवार को एक बार फिर विवाद की स्थिति निर्मित हुई। इस पर निगम आयुक्त ने अतिक्रमण दस्ता को कार्रवाई के लिए भेजा। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी प्रमिल शर्मा, संतोष वर्मा, अधीक्षण अभियंता पीके पंचायत के नेतृत्व में टीम 10 डंपर और 6 जेसीबी लेकर मकानों को तोड़ने पहुंची।
जरहाभाठा में नाला निर्माण के दाैरान तोड़ा मकान।
जलजमाव की समस्या दूर होगी
जरहाभाठा क्षेत्र में बारिश के दौरान जल जमाव की समस्या रहती थी। घरों में नाले का पानी भर जाने की शिकायत से निजात दिलाने पिछले कई वर्षों से नाला की मांग उठती रही। इस बार यह निर्माण शुरू हुआ है। साथ ही महंत बाड़ा मार्ग की चौड़ाई ओमनगर होते हुए राजीव गांधी चौक तक बढ़ाई जा रही है।
मगरपारा में आज हटेगा अतिक्रमण
मगरपारा बालमुकुंद स्कूल के पास शुक्रवार को निगम कार्रवाई करेगा। यहां नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे के मकानों को हटाया जाएगा।