मेयर किशोर राय की एमआईसी ने शुक्रवार को 300 सफाई कर्मियों के नए सेटअप सहित शहर की मैकेनाइज्ड सफाई के लिए 1.58 करोड़ महीने का ठेका दिल्ली की लायन सर्विसेज लिमिटेड को देने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी । अब इन प्रस्तावों को शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया है और वहां से मंजूरी मिलने के बाद इनका क्रियान्वयन होगा। सफाई कर्मियों के सेट अप का प्रस्ताव नीतिगत है, इसलिए इस पर कैबिनेट में ही निर्णय हो सकता है, परंतु मैकेनाइज्ड सफाई की प्रक्रिया अब प्रोसेस में आ गई है। मेयर राय का कहना है कि नई सफाई व्यवस्था शीघ्र लागू की जाएगी। यह सफाई के पुराने ठेके के स्थान पर लागू होगी। बता दें कि सफाई कर्मियों के नए सेट अप की मांग सहित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिक निगम कर्मचारी संघ ने 12 से 16 मार्च तक बेमुद्दत कामबंद हड़ताल की थी। दो महीने बाद मांगे पूरी नहीं होने पर संघ ने 18 मई से फिर कामबंद हड़ताल का एलान किया था, परंतु मेयर और सभापति अशोक विधानी के बीच दो दिन पहले टाउनहाल में हुई बातचीत के बाद आज प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाया गया।
बाजार, कांप्लेक्स में दिन और रात सफाई, सड़कों की सफाई मशीन से होगी
एमआईसी से पारित प्रस्ताव के मुताबिक शहर की सफाई चंडीगढ़ के मोहाली की तर्ज पर आधुनिक मशीनों से कराई जाएगी। नोडल अधिकारी के मुताबिक सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन का इस्तेमाल होगा। शक्तिशाली वैक्यूम क्लीनर का उपयोग किया जाएगा, जो 500 ग्राम के रोड़े तक को सड़क से खींच लेगा। बाजार, काम्पलेक्स की दिन और रात तथा प्रमुख मार्गों की सफाई व धुलाई हफ्ते में 3 दिन की जाएगी।
कर्मचारी संघ ने मनाई खुशियां
जैसे ही सफाई कर्मियों के नए सेट अप संबंधी अतिरिक्त प्रस्ताव को एमआईसी ने पारित करने की घोषणा की, वहां मौजूद संघ के अध्यक्ष सीताकांत जोशी, महामंत्री काशीप्रसाद करोसिया सहित पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते नारे लगाए तथा मेयर का स्वागत किया। हैल्थ आफिसर डा.ओंकार शर्मा ने बताया कि शासन ने सफाई कर्मियों के पद को डाइंग कैडर घोषित कर दिया है। एमआईसी के प्रस्ताव में उक्त पदों को स्वीकृति प्रदान करने की सिफारिश करते प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
कांग्रेसियों ने अपनी जीत मानी सोमवार को मिठाइयां बांटेंगे
कांग्रेस पार्षद दल के प्रवक्ता शैलेंद्र जायसवाल ने सफाई कर्मियों के मुद्दे पर एमआईसी द्वारा प्रस्ताव पारित करने पर इसे अपनी जीत बताया। कांग्रेसी पार्षद एमआईसी से प्रस्ताव पारित कराने की मांग को लेकर 27 मार्च से निगम के गेट पर लगातार धरना दे रहे थे। जायसवाल ने कहा कि उनका आंदोलन सफल रहा। सोमवार को कांग्रेस पार्षद मिठाइयां बांटकर खुशियों का इजहार करेंगे।