गुरुवार को बिलासपुर में रायपुर से डेढ़ तो अंबिकापुर की तुलना में तीन डिग्री अधिक तापमान रहा। दोपहर में धूप इतनी तेज थी कि लोग छांव की तलाश करते रहे। लगातार दूसरे दिन शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री को पार कर गया तो लोगों की हालत खराब हो गई। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज हुआ।
एक बार फिर तेज धूप ने परेशान करना शुरू कर दिया है। गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप खिल गई। जैसे-जैसे दिन के घंटे बढ़ते रहे धूप और तेज होती चली गई। सुबह 10 बजे चिलचिलाती धूप से लोग बचाव करते नजर आए। गर्म हवा भी चल रही थी। दोपहर 12 बजे त्वचा में जलन महसूस होनी शुरू हो गई। आसमान में बादल नजर नहीं आ रहे थे। इसकी वजह से धूप और तेज महसूस हो रही थी। गर्मी की वजह से पसीना छूटता रहा और बार-बार गला भी सूखता रहा। लोग परेशान होते रहे। दोपहर में अधिकतम तापमान पहले दिन की तरह ही 42 डिग्री को पार कर गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रिकार्ड हुआ था जबकि गुरुवार को यह 42.1 डिग्री दर्ज किया गया।दोपहर बाद आसमान पर बादल नजर आए और लोगों को थोड़ी राहत मिली। इसके बाद शाम तक बादल कभी नजर आते तो कभी गायब हो जाते। बादलों की वजह से शाम को उमसभरी गर्मी महसूस हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूर्वी बिहार व उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना है। वहीं दक्षिण उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश से उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बिहार व झारखंड तक द्रोणिका बनी है। इसके असर से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इधर रायपुर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 38.6 डिग्री, जगदलपुर में 37.5 डिग्री तो अंबिकापुर में 38.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में रिकार्ड किया गया।