संस्कृति संरक्षित कर रहा चापी कला महोत्सव: शैलेष
चापी कला महोत्सव के अवसर पर उपस्थित अतिथि।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
रतनपुर में हर वर्ष की तरह इस साल भी चपोरा के चापी में चापी कला महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता शैलेष पांडे उपस्थित रहे। ग्राम चपोरा में चापी कला महोत्सव का आयोजन कई वर्षों से किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य लोक कला संस्कृति को संरक्षित रखना है और उसको बढ़ावा देना है।
कांग्रेस नेता पांडेय ने कहा कि आज मुझे इस मंच पर आकर गर्व महसूस हो रहा है कि आधुनिक चकाचौंध की दुनिया में आज ऐसा एक महोत्सव भी है जो प्रदेश में अपनी पहचान कला महोत्सव के रूप में बनाकर रखे है। मैं इस मंच में उपस्थित हूं, यह मेरे जीवन का बहुत ही गर्व का पल है। पूरे अंचल के कलाकार साथियों का हमेशा ऋणी रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि सबसे ज्यादा जरूरत किसी बात कि है तो वह अपनी संस्कृति को बचाकर रखने की है। पाश्चात्य संस्कृति का हमला तेजी से हमारे समाज में हो रहा है और टीवी, मोबाइल इंटरनेट जैसे अनेक माध्यमों से पाश्चात्य संस्कृति हम पर हावी होती जा रही है। युवा इससे बहुत प्रभावित है जो हर पल इसकी आगोश में आता जा रहा है। ऐसे में हमारी संस्कृति हमारी धरोहर और हमारे अपने कहीं छूटते जा रहे हैं। आज सबसे ज्यादा जरूरत सिर्फ इस बात की है कि हम अपनी लोककला और संस्कृति को कैसे संजोकर सुरक्षित रखें। ऐसे महोत्सव से संस्कृति को सहेजने और संरक्षित रखने बढ़ावा मिलता है और हम अपनी भावी पीढ़ी को यह संदेश भी दे पाते हैं कि हम जो हैं वह यही सत्य है। हमें अपनी संस्कृति का आदर सम्मान करना चाहिए और हमारा जीवन भी इसी के आसपास ही होना चाहिए। श्री पांडेय ने समिति के सभी सदस्यों को इस आयोजन के लिए देते हुए कहा कि चापी महोत्सव आज प्रदेश के साथ देश में भी पहचान बनाए है। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष के रुप में कांग्रेस नेता अरुण त्रिवेदी, आदित्य दीक्षित, शिवानंद पांडे, यासीन खान, हेमंत, क्रांति, गोवर्धन, रामफल, लच्छू महाराज, संतोष मिश्रा अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।