मशाल जलाकर दुष्कर्म और हत्या का किया गया विरोध
बिलासपुर | जम्मू के कठुआ व उत्तर प्रदेश के उन्नाव में दुष्कर्म, ओरैया में छेड़छाड़ और कांकेर में थानेदार के ऊपर लगे दुष्कर्म आरोप के खिलाफ देवकीनंदन चौक में मशाल लेकर लोग एकत्रित हुए। फाइट अगेंस्ट रेप हैसटैग के साथ लोगों ने महिला और बच्चियों के असुरक्षित होने पर गुस्सा व्यक्त किया। नारे लिखे पोस्टर, मोमबत्तियां जलाकर मारी गई बच्चियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ऑल इंडिया लायर्स यूनियन से जुड़े अधिवक्ता, छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन, पीयूसीएल छत्तीसगढ़, रेला कलेक्टिव के कलाकार मौजूद थे। सभी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुष्कर्म करने वालों को समर्थन मिल रहा है। जम्मू के आरोपियों के समर्थन में एक वर्ग का सड़क पर उतरना, पीड़िता का केस लड़ने वाली वकील पर हमला होना चिंताजनक है। इस दौरान प्रियंका शुक्ला, श्रुति सोनी, गीता यथार्थ, खुशबू अख्तर, कपूर वासनिक, निरुपमा वाजपेयी, सत्यभामा अवस्थी सहित अन्य उपस्थित थे।