हवाई सेवा शुरू नहीं होने पर फूंका पुतला
कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में सत्यम चौक पर नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल का पुतला दहन किया। यह कार्यक्रम प्रदेश में दूसरे हवाई अड्डा के बिलासपुर के बजाय जगदलपुर में प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन होने के विरोध में किया गया।
इस अवसर पर महामंत्री श्रीवास्तव ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने बिलासपुर की उपेक्षा करते हुए प्रदेश के दूसरे हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों जगदलपुर में करवाया। इससे बिलासपुर के लोगों में आक्रोश है। कांग्रेस लगातार बिलासपुर में हवाई अड्डा नहीं खुल पाने का विरोध कर रही है। कांग्रेस ने इसके लिए शहर के विधायक व मंत्री अमर अग्रवाल को दोषी माना। सत्यम चौक पर कांग्रेसियों ने हवाई अड्डा बिलासपुर में नहीं खुलने का विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्री अग्रवाल का पुतला दहन किया। साथ ही कांग्रेसियों ने कागज के हवाई जहाज बनाकर उड़ाए। हाथ में तख्ती लेकर बिलासपुर में हवाई अड्डा नहीं क्यों का सवाल सरकार और मंत्री से पूछा। ब्लाक अध्यक्ष तैय्यब हुसैन ने इस अवसर पर कहा कि हवाई अड्डा नहीं होने से बिलासपुर पिछड़ा हुआ है। पुतला दहन कार्यक्रम में अरुण तिवारी, राजेश पाण्डेय, अभय नारायण राय, शेख नजीरुद्दीन, गोपाल दुबे, राकेश सिंह, अरविंद शुक्ला, शैलेन्द्र जायसवाल उपस्थित थे।
मंत्री का पुतला जलाने के दौरान पुलिस और कांग्रेसियों मे लुकाछिपी चली।
कांग्रेसियों ने पुलिस को छका जलाया पुतला
कांग्रेसियों ने 30 मिनट तक सत्यम चौक पर पहले कागज के हवाई जहाज उड़ाकर नारेबाजी करते रहे। इसके बाद एक कचरे से भरा पुतला लेकर मगरपारा की ओर से कार्यकर्ता पहुंचे। इसे जलाने लगे तो सिविल लाइन थाने की पुलिस पुतले पर पानी छिड़कने लगी। छीना झपटी के दौरान कांग्रेसियों ने पेट्रोल डालकर किसी तरह पुतला जलाया।