सामाजिक न्याय दिवस के साथ ग्राम स्वराज अभियान शुरू
प्रशासनिक रिपोर्टर | बिलासपुर
डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय दिवस के आयोजन से ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत हुई। शनिवार को खारंग परिसर के गांधी प्रार्थना सभा कक्ष में सामाजिक न्याय दिवस समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर समारोह की अध्यक्षता करते हुए सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि डाॅ. अम्बेडकर के बताए गये आदर्शों को हम सभी लोग आत्मसात करते हुए विकास को और अधिक तेजी से बढ़ा़ना होगा। ग्राम स्वराज अभियान की शुरूआत आज से हो गई है। यह अभियान 5 मई तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चलाया जाएगा। अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा।
दोपहर 12 बजे प्रार्थना सभाकक्ष में विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान ने ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया। वे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि उन्होंने भारत में विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में आगे लाने का कार्य किया है। इन्हीं लक्ष्यों को लेकर प्रधानमंत्री ने घोर नक्सली क्षेत्र में पहुंचकर सब का साथ सबका विकास के लिए आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ किया। कमिश्नर ने कहा कि डाॅ. अंबेडकर ने भारत को लोक कल्याण राष्ट्र बनाने के लिए और उसको साकार रूप देने के लिए संविधान में मौलिक अधिकारों और हितों के संरक्षण के लिए कानूनी प्रावधान किए। शासन द्वारा बच्चे के जन्म लेने से पहले और मृत्यु उपरांत तक योजनाएं संचालित हैं। कलेक्टर पी. दयानंद ने कहा कि आज का दिन इसलिए काफी महत्वपूर्ण है कि आज भारत के संविधान निर्माता की जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय दिवस के आयोजन से ग्राम स्वराज अभियान की शुरूवात हो रही हैं। भारत सरकार की 7 महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन के लिए जिले की 54 ग्राम पंचायतों को चयन किया गया है। जिसमें बिल्हा ब्लॉक की 23 पंचायतें, मस्तूरी की 23,तखतपुर की 5, मरवाही की 2 व कोटा की 1 ग्राम पंचायत शामिल हैं। इन ग्राम पंचायतों में सभी महत्वपूर्ण 7 योजनाओं के सभी पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए गांव-गांव तक अधिकारी-कर्मचारियों को नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने अभियान की सफल क्रियान्वयन के लिए सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ग्राम पंचायत सरपंच, उपसरपंच व सदस्यों से भी सहयोग करने आग्रह किया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी फरिहा आलम सिद्दिकी, विधायक प्रतिनिधि विजयधर दीवान सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत के सदस्य, जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राओं व बड़ी संख्या में लाेग शामिल थे।
सौभाग्य योजना एवं उज्जवला योजना के रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सौभाग्य व उजाला योजना के रथ को हरी झंडी
इस अवसर पर सामाजिक न्याय दिवस के कार्यक्रम में अतिथियों ने अंत व्यवसायी सहकारी विकास समिति द्वारा स्वीकृत कुल 30 लाख 10 हजार रुपए के ऋण राशि के चेक 26 लोगों को बांटे। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के पात्र 24 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण-पत्र व आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को जाति सत्यापन प्रमाण-पत्र का वितरण व 9 हितग्राहियों को जाति प्रमाण-पत्र दिया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने सौभाग्य योजना व उजाला योजना के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है।