दवा व्यवसायी से बस में मारपीट करने वाले दोनों पकड़े गए
बिलासपुर | दवा व्यवसायी से बस में मारपीट करने वाले दोनों युवकों ने पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 अप्रैल की है। तखतपुर निवासी आनंद बंसल पिता ओमप्रकाश बसंत का सकरी में अग्रवाल मेडिकल के नाम से दवा दुकान है। वह तखतपुर से सकरी आना-जाना करता है। घटना की सुबह 8.30 बजे सकरी आ रहा था। काठाकोनी के पास बस रुकी तो इसमें दो युवक सवार हुए। सीट नहीं होने के कारण दोनों खड़े थे। उन्होंने इस बीच दवा व्यवसायी को धक्का दिया तो उसका मोबाइल बस के बाहर गिर गया। विरोध करने पर दोनों ने उससे चलती बस में मारपीट की और बस रोककर उसे नीचे उतार लिया। दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इनमें एक साथी दूसरे का नाम पप्पू नायडू बोल रहा था। वह जान बचाकर काठाकोनी से तखतपुर की ओर पैदल भागा तो दोनों सकरी की ओर तरफ पैदल भाग निकले। मारपीट से आनंद को चोट लगी। वह बाद में तखतपुर की ओर से आ रही बस में बैठकर सकरी आया और रिपोर्ट दर्ज कराई।