जमीन की बची रकम देने से बचने के लिए रेलकर्मी ने लिखाई थी झूठी रिपोर्ट
बिलासपुर | जमीन की बचत रकम देने से बचने के लिए रेलकर्मी ने एक दिन पहले 60 हजार रुपए की लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके घर की पेटी से बैंक से निकाले 55 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। न्यू लोको काॅलोनी क्वार्टर निवासी रेलकर्मी अजय सिंह पिता बेचैन सिंह ने सोमवार को तारबाहर थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि वह तेलीपारा के यूको बैंक से 60 हजार रुपए निकालकर घर जा रहा था इसी दौरान 12 खोली चौक के आॅटो चार युवकों ने आंख में मिर्च पाउडर डालकर उसकी जेब से रकम छीन ली थी। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी। इस बीच क्राइम ब्रांच की टीम यूको बैंक गई। सीसीटीवी फुटेज में रेलकर्मी वहां से रकम निकालकर बाहर जाते नजर आ रहा है। पुलिस टीम ने वहां से घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों की जांच की तो इसमें आॅटो कहीं भी नजर नहीं आई। इधर रेलकर्मी भी अपना बयान बार-बार बदल रहा था। पूछताछ की गई तो पुलिस का संदेह सही निकला।