महिला कांग्रेस का देवकीनंदन चौक पर धरना बेटी बचाओ अभियान को बताया खोखला
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी और प्रदेश अध्यक्ष फूलो देवी नेताम के निर्देश पर महिला कांग्रेस बिलासपुर ने मंगलवार को देवकीनंदन चौक पर धरना प्रदर्शन की। इसमें भाजपा सरकार की नाकामियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन काल में महिलाओं के साथ गंभीर अपराध, दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं। शासन की बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान एक खोखला नारा है।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान देने में असफल साबित हो रही है। जहां एक ओर भाजपा सरकार बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा दे रही है। वहीं दूसरी ओर जम्मू कश्मीर के कठुआ की घटना में गुनहगार और पीड़िता को हिंदू-मुसलमान के तराजू में भाजपा सरकार तौल रही है। इस घटना की महिलाओं ने कड़ी निंदा कीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोरबा सांसद बंशी लाल महतो के छत्तीसगढ़ की महिलाओं पर टिप्पणी, मीना खलखो, मड़कम हिड़मे, पेद्दा गेल्लूर, सारकेगुड़ा झलियामारी, आमागुड़ा, नसबंदी कांड, गर्भाशय कांड में महिलाओं का घोर अपमान होना बताया। साथ ही कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान की रक्षा के लिए केंद्र व राज्य सरकार पूरी तरह अपने कार्यकाल में विपल रही है। महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के साथ हो रहे खिलवाड़ का विरोध किया। इस दौरान बिलासपुर प्रभारी मायारानी सिंह, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव, शेख गफ्फार, जिला अध्यक्ष अनिता लव्हात्रे, डॉ. उषा किरण वाजपेयी, आशा सिंह ठाकुर, प्रतिमा सहारे, माया मिश्रा, अंजू सोनी, मालती सहित अन्य उपस्थित थे।
देवकीनंदन चौक पर मंगलवार को महिला कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया।