जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चों को गर्मी की छुट्टी पर भी मध्यान्ह भोजन देने के नियम बनाए गए हैं, लेकिन जिले के कुछ स्कूलों में नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। वहां के प्रधानपाठक स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। स्कूल नहीं खुलने के कारण बच्चों को मध्यान्ह भोजन का लाभ नहीं मिल पा रह है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे तो दयालबंद प्राइमरी स्कूल बंद मिला। वहां कोई शिक्षक उपस्थित नहीं थे। कुछ स्कूलों में मध्यान्ह भोजन नहीं दिया जा रहा है।
बिल्हा ब्लॉक के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोपाल दुबे और मुकेश मिश्रा गुरुवार को प्राइमरी स्कूल नवीन जरहाभाठा स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान स्कूल में बच्चों की संख्या बहुत कम थी। वहां कम मात्रा में मध्यान्ह भोजन बनाए थे। इसके बाद अहीर मोहल्ला के प्राइमरी स्कूल, दयालबंद मिडिल स्कूल में बच्चों की संख्या कम थी। वहीं जोगीपुर व पेंड्री के स्कूलों में ज्यादा संख्या में बच्चे पहुंचे थे। सभी मध्यान्ह भोजन करने के बाद घर चले गए। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या कम मिली। वहां के प्रधान पाठकों को बच्चों का संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण अधिकारियों का कहना है कि दयालबंद प्राइमरी स्कूल के प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उचित जवाब नहीं मिला तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।