संघर्ष हमारे आत्मविश्वास की परीक्षा लेता हैं। संघर्ष में तपकर ही हम खरा सोना बनते हैं। संघर्ष हम सबको मजबूत बनाता है। मजबूती के लिए आत्मविश्वास तब आता है, जब हमें पता हो कि हमें क्या करना है। पांच दिनों तक आप सभी बच्चे हमारे मेहमान हैं। यहां आपको इतना सीखने को मिलेगा कि आप ताउम्र भूल नहीं पाएंगे। जिला प्रशासन आपको सिर्फ कॅरियर मार्गदर्शन ही नहीं कराएगा बल्कि इंज्वाय करने के ढेर सारे अवसर भी देगा। उक्त बातें शिविर में कलेक्टर पी. दयानंद ने बच्चों को संबोधित करते हुए कही।
11वीं और 12वीं के छात्रों को कॅरियर गाइडेंस के लिए कलेक्टर दयानंद द्वारा एक नई पहल शुरू की गई है। जिससे छात्र अपना भविष्य सही बना सके। कॅरियर गाइडेंस शिविर में 4 ब्लॉक के 600 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। छात्रों को प्रशिक्षण सुबह 9.30 से दोपहर 2.30 बजे तक सिम्स ऑडिटोरियम में दिया जा रहा है। इसके अलावा शाम को छात्रों को मेकअप, नृत्य, गीत, फाइन आर्ट सहित अन्य कलाओं का प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जा रहा है। शुक्रवार को छात्रों को मेडिकल, ब्यूटीनेस, परफार्मिंग के क्षेत्र में कॅरियर बनाने प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि खूंटाघाट डेम, पॉवर प्लांट, मॉल घुमाएंगे और मूवी भी दिखाई जाएगी। शिविर में जिला पंचायत सीईओ फरीहा आलम सिद्दकी ने कहा कि आप सभी बच्चे उम्र के उस पड़ाव पर हैं, जहां आप जो चाहे बन सकते हैं। क्योंकि आप सब में बहुत ऊर्जा है। छत्तीसगढ़ की ब्यूटीशियन मीनाक्षी टुटेजा ने बताया कि आज के समय में हेयर ड्रेसर की काफी वैल्यू है और अच्छी आय भी होती है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर बीएस उइके, डीईओ हेमंत उपाध्याय, अतुल्य ओझा उपस्थित रहे।