जो पुलिसकर्मी हेलमेट नहीं पहनेगा, उसे गैरहाजिर माना जाएगा
अब जो पुलिस कर्मी हेलमेट नहीं पहनेगा, उसे ड्यूटी से अबसेंट माना जाएगा। वहीं वह थाने में अपनी गाड़ी भी नहीं खड़ी कर सकेगा। एसपी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। साथ ही कहा है कि जो पुलिसकर्मी आदेश का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
एसपी आरिफ शेख का मानना है कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारी यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया गाड़ी चला रहे हैं। इसे देखकर आम लोग भी यातायात नियमों का पालन नहीं करते और इसके परिणाम स्वरूप लोगों के मन में पुलिस के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। पुलिस की छवि खराब भी हो रही है। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों,आरआई, थाना व चौकी प्रभारियों को पत्र लिखकर कहा है कि पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के गाड़ी चलाते मिले तो उसे अनुपस्थित माना जाए। पार्किंग के लिए दोपहिया गाड़ी को थाना या लाइन परिसर में खड़ी न करने दें। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ संबंधित थाना या यातायात पुलिस को मोटरव्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करने भी कहा गया है। इसी तरह यदि पुलिसकर्मी बिना नंबर प्लेट या तीन सवारी गाड़ी चलाते पाए गए तो चालान भी किया जाएगा। एसपी के आदेश की कापी जिले के राजपत्रित अधिकारी,आरआई,थाना व चौकी प्रभारी व कंट्रोल रूम,सभी शाखा प्रभारियों को भेजी गई।
क्राइम स्टाॅपर को फोन करें, 14 मिनट में पुलिस हाजिर होगी
क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर
यदि किसी भी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आ रही हो या कहीं पर अपराध हो रहा हो तो पुलिस को सूचना दे सकते हैं। आईजी ने रेंज स्तर पर सभी जिलों का क्राइम स्टापर नंबर जारी किया है। यह प्रयोग अभी देश के कुछ ही राज्यों में हो रहा है।
पुलिस अपनी कार्यशैली को बेहतर बनाने के लिए लगातार आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आईजी दीपांशु काबरा ने किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियां या अपराध की सूचना देने के लिए क्राइम स्टापर नंबर जारी किया है। इन नंबरों पर संबंधित जिले की खबर या सूचना पुलिस को देने पर तत्काल कार्रवाई शुरू हो जाएगी। जारी नंबरों पर कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की अपराध, शराब,गांजा, आपराधिक गतिविधियां की सूचना दे सकता है। ऐसे लोगों का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा। क्राइम स्टापर की सुविधा 24 घंटे रहेगी। सूचना पर संबंधित थानों, साइबर सेल, क्राइम ब्रांच की टीमें समन्वय बनाकर सक्रिय हो जाएगी।
24 देशों में किया जा रहा प्रयोग : क्राइम स्टापर का प्रयोग एक प्लेटफार्म के रूप में दुनियाभर के 24 देश जैसे कनाडा,लंदन,अमेरिका,यूएसए,साउथ आस्ट्रेलिया आदि में किया जा रहा है। भारती के केरल,उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों में भी इस तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे 14 मिनट में दुनिया में किसी भी अपराध का हल हो जाता है। पुलिस का वाट्सअप, ट्विटर, फेसबुक एकाउंट है।
जिलों में क्राइम स्टाॅपर नंबर
जिला नंबर
बिलासपुर 72808100
रायगढ़ 9691055101
कोरबा 926353146
जांजगीर चांपा 7587348100
मुंगेली 770840100