295 के लक्ष्य के सामने बीएसपी 117 पर ढेर, फॉलोऑन में 41 रन पर गिरे 3 विकेट
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| बिलासपुर
बिलासपुर के 295 रनों के बड़े स्कोर के आगे भिलाई स्टील प्लांट की टीम दूसरे दिन लड़खड़ा गई। बीएसपी की पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 117 रन ढेर हो गई। दूसरे लीग मैच में पहली पारी में बिलासपुर को 178 रनों की बढ़त मिली। फॉलोऑन खेलते हुए बीएसपी का दूसरे दिन 41 रनों पर 3 विकेट गिर गए हैं। बारिश के कारण दूसरे दिन का मैच देर से शुरू हुआ।
विनोद पेंढारकर मेमोरियल अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले के दूसरे दिन बीएसपी की टीम ने 11 रनों से आगे खेलना शुरू किया। लेकिन खिलाड़ी विकेट पर टिक नहीं सके। पूरी टीम 52.2 ओवर में ही 117 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ा। लेकिन दूसरी पारी में भी बीएसपी टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई। दिन का खेल खत्म होने तक टीम 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 41 रन बना ली है।। बीएसपी अभी भी बिलासपुर से 137 रन पीछे है। वहीं भिलाई में खेले जा रहे सरगुजा और राजनांदगांव के बीच मैच में सरगुजा के 240 रनों के स्कोर के जवाब में राजनांदगांव की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 65 ओवर में 4 विकेट खोकर 171 रन बना चुकी है। मैच के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष विजय शाह व पूर्व सचिव राजेश दवे, क्रिकेट संघ बिलासपुर के अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, सुशांत राय, नवीन जाजोदिया, ओपी यादव सहित अन्य उपस्थित थे।
पहली पारी में बढ़त बनाने के बाद सीएससीएस के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों के साथ टीम।
बिलासपुर के चार गेंदबाजों ने की 10 विकेट चटकाए
बिलासपुर टीम ने शानदार गेंदबाजी की। टीम के कप्तान मयंक यादव ने मैच के दूसरे दिन सिर्फ 4 गेंदबाजों से बॉलिंग कराई। इन चारों गेंदबाज बीएसपी के 10 विकेट निकालने में सफल रहे। अंकित ध्रुव ने 13 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट, मयंक यादव ने 12.2 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट, वासुदेव 9 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट और आदित्य सिंह ने 4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
बीएसपी के बल्लेबाज फ्लाप रहे
बीएसपी की टीम बिखरी हुई नजर आई। देवादित्य ने 42 रनों की पारी खेल टीम को संभालने की कोशिश की। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाज फ्लाप रहे। वैभव ने 31, रौशन 23 और दिग्विजय ने 12 रनों की पारी खेली।