समरसता एक्सप्रेस के एसी कोच से यात्री का पासपोर्ट चोरी, रिपोर्ट दर्ज कराई
हावड़ा से मुंबई तक समरसता एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का ट्रॉली बैग एसी टू कोच से चोरी हो गया। उक्त बैग में यात्री का पासपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी चले गए। यात्री ने इसकी सूचना आरपीएफ के इमरजेंसी नंबर 182 पर दी। बिलासपुर पहुंचने पर उक्त यात्री ने मुंबई में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। आरपीएफ ने यहां पर सूचना दर्ज की है।
हावड़ा निवासी गुलाम अनवर मुंबई जाने के लिए 14 नवंबर को समरसता एक्सप्रेस के एसी टू कोच के बर्थ नंबर नौ पर सवार हुए। रात लगभग एक बजे जब वे सोने जा रहे थे तब उन्होंने अपना मेहरून रंगा का ट्रॉली बैग अपनी सीट के नीचे देखा था। उस वक्त ट्रेन बांकुड़ा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। सुबह 6 बजे के लगभग गुलाम अनवर की नींद राउरकेला रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले खुली। तब उन्होंने देखा कि उनका मेहरून कलर का ट्रॉली बैग सीट के नीचे नहीं है। उन्होंने अलग-अलग सीट के नीचे बैग की तलाश की लेकिन ट्रॉली बैग नहीं मिला। उन्होंने फौरन इसकी शिकायत आरपीएफ के शिकायत नंबर 182 पर दी। चूंकि ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्र में प्रवेश कर रही थी इसलिए उक्त चोरी के शिकायत की सूचना चक्रधरपुर डिवीजन, ईस्ट कोस्ट रेलवे के संबलपुर डिवीजन के साथ-साथ बिलासपुर कंट्रोल रूम को दी गई। रविवार को दिन में लगभग 11.40 बजे ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। तब आरपीएफ के जवानों ने गुलाम अनवर से मुलाकात कर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इस पर अनवर ने कहा कि वे मुंबई पहुंच कर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। गुलाम अनवर के मुताबिक उनके ट्रॉली बैग में पासपोर्ट के अलावा कोई खास चीज नहीं थी। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण पासपोर्ट ही है। इसके अलावा आधार कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।