व्यापम परीक्षा में पं. चतुर्वेदी के पद्मश्री और सुरुज बाई के भरथरी को लेकर आया सवाल
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर
व्यापम द्वारा रविवार को राजस्व निरीक्षक और मंडल संयोजक की परीक्षा ली। राजस्व निरीक्षक की परीक्षा में पूछा गया कि 2018 में पं श्यामलाल चतुर्वेदी के किस क्षेत्र में पद्मश्री मिला है। इसका आप्शन साहित्य, सामाजिक कार्य, खेल, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी था। इसके अलावा इसमें पूछा गया कि सुरुज बाई खांडे किसी लोक गीत में प्रसिद्ध हैं। इस तरह के प्रश्न राजस्व निरीक्षक के प्रश्नपत्र में परीक्षार्थियों से पूछे गए थे। इसमें छात्रों ने कहा कि रीजनिंग के प्रश्न कठिन थे। वहीं ट्रेन लेट आने के कारण 20 छात्रों को कुदुदंड स्कूल में परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया।
छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा रविवार की सुबह 9 से दोपहर 12.15 बजे तक राजस्व निरीक्षक की परीक्षा ली। इस परीक्षा के लिए बिलासपुर में 62 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें कुल 23 हजार 85 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें 18 हजार 694 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 4 हजार 391 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक व्यापम ने मंडल संयोजक की परीक्षा ली। मंडल संयोजक की परीक्षा के लिए बिलासपुर में 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें कुल 17 हजार 166 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें 14 हजार 512 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 2 हजार 654 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सीएमडी कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
इस तरह के पूछ गए थे प्रश्न: परीक्षा में पूछा गया था कि राज्य में सबसे बड़ा अभ्यारण कौन सा है, 31 मार्च 2017 की स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य में कितने कृषक क्लब कार्यरत थे, किस देश की संसद ने राष्ट्रपति की समय सीमा समाप्त कर दी है, इस राज्य में का कौन सा नृत्य गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल है।
20 छात्र नहीं दे पाए परीक्षा
राजस्व निरीक्षक की परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर परीक्षा केंद्र बनाया गया था। वहीं बिलासपुर के परीक्षा केंद्रों में कोरबा, महासमुद्र, धमतरी आदि जगहों के छात्रों का सेंटर मिला था। कोरबा के 20 छात्र सुबह 6 बजे की ट्रेन से बिलासपुर के लिए निकले। ट्रेन एक घंटे लेट थी। ट्रेन सुबह 8.15 बजे पहुंचने की जगह 9.30 बजे पहुंची। इसके कारण कुछ छात्र कुदुदंड स्कूल में परीक्षा देने वहां 9.45 मिनट पर पहुंचे। परीक्षा 9 बजे शुरू हो गई थी। परीक्षा देने आईं दुर्गा साहू और संजय पटले ने कहा कि कुदुदंड स्कूल में ड्यूटी कर रही मैडम ने अंदर घुसने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह आए हो वैसे ही वापस हो जाओ। परीक्षार्थियों ने साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. यूके श्रीवास्तव से भी बात की, लेकिन उन्होंने ने भी छात्रों की बात नहीं सुनी।