कांग्रेस की पदयात्रा, मिट्टी तेल गली के लोगों ने कहा- बदले से तोड़े गए मकान
कांग्रेस की पदयात्रा में शामिल अशोक अग्रवाल तथा अटल श्रीवास्तव के अलावा अन्य कांग्रेसी।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
जिला शहर कांग्रेस कमेटी और पार्षद दल ने वार्ड क्रमांक 3 नेहरू नगर में जन सम्मान पदयात्रा निकाली। वार्डवासियों से मुलाकात की। जन समस्याओं की जानकारी ली। विनोद अग्रवाल और सुनील अग्रवाल ने बताया कि सीवरेज की खुदाई 10 वर्ष पूर्व नेहरू नगर से प्रारंभ हुई थी। यहां अभी भी घर के सामने खुदाई हो रही है। गली की सड़कें खराब हैं, कचरा 14 दिनों से सामने पड़ा है। मच्छर का प्रकोप बढ़ गया है। मिट्टी तेल गली के निवासियों ने कहा कि बदले कि भावना से उनके मकानों को तोड़ा गया है। आज एक वर्ष होने जा रहा है पर न तो सड़कें बनी और न साफ सफाई हो रही है। कांग्रेस ने कहा स्थानीय विधायक और महापौर को शहर के सुनियोजित विकास से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा ने स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और युवाओं को रोजगार देने के नाम पर शराब दुकानों में नौकरी देने के लिए विज्ञापन निकाल रही है। बेरोजगारों से 30 हजार अमानत राशि ले रही है। इसमें भी उन्हें नौकरी मिलेगी जो शराब की बिक्री को बढ़ाएंगे नहीं तो अमानत राशि राजसात कर ली जाएगी। पदयात्रा में प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, अशोक अग्रवाल, आशीष सिंह, अरुण तिवारी, विजय पांडेय, राजेश पांडेय, अलका शर्मा,भास्कर यादव, शेख नजीरुद्दीन सहित अन्य उपस्थित थे।