कांग्रेस का संकल्प शिविर मरवाही में 21 और कोटा व तखतपुर में 22 को होगा
बिलासपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में से चार विधानसभा में संकल्प शिविर आयोजित हो चुका है। वहीं मरवाही में 21 को और कोटा व तखतपुर में 22 अप्रैल को संकल्प शिविर आयोजित होगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे सहित अन्य कई नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश की सभी विधानसभा में बूथ स्तरीय कमेटी के गठन के बाद संकल्प शिविर आयोजित कर रही है। इसमें बिलासपुर के सात विधानसभा में से बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी व बेलतरा में संकल्प शिविर आयोजित हो चुके हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने प्रदेश कांग्रेस व ब्लॉक पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर 21 अप्रैल को मरवाही विधानसभा का संकल्प शिविर के लिए पेंड्रा मंडी प्रांगण का चयन किया है। यहां सुबह 10 बजे से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरण दास महंत सहित प्रशिक्षक करुणा शुक्ला, राजेश तिवारी, विनोद वर्मा, प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे। वहीं कोटा व तखतपुर विधानसभा में 22 अप्रैल को शिविर आयोजित है। कोटा विधानसभा के लिए कोटा मंडी प्रांगण में और तखतपुर विधानसभा का कार्यक्रम तखतपुर के मंडी प्रांगण में आयोजित है। जिला कांग्रेस के महामंत्री अनिल सिंह चौहान ने बताया है कि मरवाही के 235, कोटा के 263 व तखतपुर के 281मतदान केंद्रों की कमेटी के सदस्य शामिल होंगे।