ग्रामसभा के दौरान ग्राम पंचायत घाेंघाडीह के पंच ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिव से कार्रवाई व उपस्थिति पंजी छीन ली और एक घर में बंधक बनाकर उससे मारपीट की। किसी तरह चंगुल से बचकर भागे सचिव ने दूसरे दिन इस बात की जानकारी पंचायत के अधिकारियों को दी। शनिवार को उसने थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा नवापारा निवासी निहाली राम पटेल पिता स्व.विसन राम ग्राम पंचायत कपसिया कला व घोंघाडीह का सचिव है। गुरुवार को ग्राम पंचायत घोंघाडीह में ग्रामसभा आयोजित थी। गुड़ी बजरंग चौक में इसके लिए ग्रामीण एकत्र थे। सचिव यहां सुबह 9.30 बजे पहुंचा। ग्रामीणों में प्रमुख रूप से ग्राम पंचायत घोंघाडीह के सरपंच सीताराम यादव सहित पंचराम खांडे व सत्य प्रकाश गोड़, पंच व 70-80 लोग इकट्ठा थे। ग्राम सभा की उपस्थिति पंजी में 69 लोगों का हस्ताक्षर था। बाद में सचिव व सरपंच ने भी हस्ताक्षर किया। इसके बाद पंच प्रकाश बंजारे ग्राम सभा आयोजित करने पर अपने साथी धनीराम खांडेय, कोमल बंजारे, अधनू उर्फ अनुज बघेल, विमल आदिले के साथ मिलकर सचिव को जान से मारने की धमकी देने लगे। प्रकाश ने सचिव का हाथ मरोड़कर उससे सरकारी ग्राम सभा उपस्थिति पंजी व कार्यवाही पंजी छीन ली और अपने साथियों के साथ मिलकर उसे धक्का देते पंच प्रकाश बंजारे के घर ले गए। यहां प्रकाश के पिता उम्मेद लाल, भाई दिनेश, लक्ष्मीनारायण व मनीष बंजारे भी आ गए। इन लोगों ने सचिव को धारदार हथियार से हत्या करने की धमकी दी और ग्राम रजिस्टर में जबरन-हम ग्राम सभा का विरोध करते हैं लिखवा लिया फिर ग्रामीणों से उनमें फिर से हस्ताक्षर कराए। सचिव को उन्होंने 11 से 11.30 बजे तक बंधक बनाकर रखा फिर उसे लेकर भागीरथी निर्मलकर के घर के पास पहुंचे और हाथ मुक्का से मारपीट की और बाल पकड़कर खींचते हुए ले गए और ग्राम सभा पंजी में फिर से ग्राम सभा का विरोध दर्ज करवाया। दोपहर 3 बजे वह वहां से किसी तरह भागकर घर आ गया। डर के कारण दिनभर कहीं नहीं गया। दूसरे दिन शुक्रवार को उसने पंचायत के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। उनके ढांढस बंधाने पर शनिवार को वह थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। मारपीट से सचिव के हाथ,पीठ, सिर में दर्द है। सचिव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, सरकारी काम में बाधा डालने, बंधक बनाकर रखने की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
ग्रामसभा में घोंघाडीह के पंच ने साथियों के साथ पंचायत सचिव को बंधक बनाकर पीटा, रजिस्टर भी छीन लिया
मामले में ये हैं आरोपी
प्रकाश बंजारे, धनीराम खाण्डे, कोमल बंजारे, अनुज बघेल, विमल आदिले, मनीष बंजारे, उम्मेद लाल, दिनेश बंजारे, लक्ष्मी नारायण बंजारे।
आईजी से मिलने आया था सचिव
सचिव निहाली राम पटेल घटना के बाद अपने घर चला गया था। दूसरे दिन अधिकारियों के कहने पर थाना जाने के बजाय आईजी के पास आकर मामले की जानकारी दी। आईजी ने उसे थाने भेजा। देर रात एफआईआर दर्ज की गई। अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।