बिलासपुर | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बिलासपुर दौरे के दौरान शहर में लगाए गए बिना अनुमति बैनर पोस्टर को निगम ने शनिवार को हटाया। वहीं शहर को गंदा करने वाले पम्फलेट नेताओं के खिलाफ निगम कड़ी कार्रवाई के मूड में है। शहर के दीवार हो या सड़क के डिवाइडर और उस पर लगे लाइट के पोल पर हर जगह कांग्रेस नेताओं के बैनर, पोस्टर और पम्फलेट चिपके हुए हैं। इसके लिए निगम से कोई अनुमति नहीं ली गई है। निगम के उपायुक्त मिथलेश अवस्थी ने बताया कि दो नेता डॉ. तरु तिवारी और अरुण तिवारी के पम्फलेट चिपकाने के कारण उन्हें नोटिस दिया गया है। साथ ही उनको पम्फलेट हटाने के लिए कहा गया है।
नहीं हटाने पर उनके खिलाफ निगम संपत्ति निरुपण अधिनियम के तहत जुर्माना या कानूनी कार्रवाई भी करेगा। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक अग्रवाल के तरफ से कुछ बैनर व पोस्टर लगाने की अनुमति मांगी गई थी। उन्होंने रसीद कटाई थी। उनके अलावा नरेंद्र बोलर के तरफ से बैनर पोस्टर लगाने की सूचना आई थी, लेकिन उन्होंने रसीद नहीं कटाई है। इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन दोहरा मापदंड अपना रही है। मंत्री के जन्मदिन और कार्यक्रम के बैनर व पोस्टर कई दिनों तक बिना अनुमति लगे रहते हैं, कांग्रेस लगा दे तो दो दिन में कार्रवाई और नोटिस दिया जाने लगता है।