नगर पंचायत बोदरी बिलासपुर स्मार्ट सिटी का हिस्सा होगा। स्मार्ट सिटी के लिए बोदरी नगर पंचायत में शीघ्र ही मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। यह बातें नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने शनिवार को बोदरी में आयोजित 3 करोड़ 40 लाख रुपए लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण के दौरान कही।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि बोदरी नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों की पेयजल समस्या का शीघ्र हल किया जायेगा। इसके लिए 4 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भी नई नगर पालिका बनेगी उसमें सबसे पहली नगर पालिका बोदरी होगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बोदरी में पिछले 14 वर्षों में काफी विकास कार्य किए गए हैं और लगातार किए जाएंगे। बोदरी के लंबे समय की मांग सांस्कृतिक भवन को आज पूरी हुई।
लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद लखनलाल साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी उपस्थित थे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू दिवाकर दुबे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष कुशल पांडेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
बोदरी में आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित करते मंत्री अमर अग्रवाल।