महापौर किशोर राय शनिवार को मगरपारा, तालापारा, भारतीय नगर पहुंचे। यहां पानी की किल्लत झेल रहे लोगों से मुलाकात की। यहां निगम टैंकर से पानी सप्लाई कर रहा है। पानी के लिए यहां हर दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। लोगों की परेशानी जानने के बाद महापौर ने समस्या को दो दिन में दूर हो जाने का आश्वासन दिया।
वार्ड क्रमांक 11, 13 और 15 के लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं। इसकी शिकायत लोगों ने महापौर से मिलकर की। शनिवार को महापौर ने मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लिया। लोगों ने अपनी परेशानी बताई। साथ ही वहां पहुंचे निगम के टैंकर का हाल देखने के बाद महापौर ने दो दिन में पानी समस्या दूर करने की बात कही। समस्या बने रहने पर उन्होंने नया बोरवेल्स कराने के निर्देश भी दिए। इसके बाद महापौर सिंधी कॉलोनी से कारगिल चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम को देखा। यहां उपस्थित पीडब्ल्यूडी संभाग-1 के ईई मधेश्वर प्रसाद और बिजली विभाग के पश्चिम डिवीजन के ईई सीएम वाजपेयी से कार्य 31 मई तक पूरा करने को लेकर चर्चा की। साथ ही संजय तरण पुष्कर से मंगला चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम में तेजी लाने सड़क किनारे के पोल और ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करने को कहा। इस दौरान उपस्थित निगम के अधिकारी, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अधिकारियों को कार्य सावधानीपूर्वक और तेजी से करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी के पाइप लाइन न फूटे, लोगों को समस्या न हो इसे अधिकारी ध्यान में रखकर काम करें। कार्य में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा। इस अवसर पर जोन के प्रभारी और एल्डरमैन महेश चंद्रिकापुरे, संजय गुप्ता, नारायण गोस्वामी, पीके पंचायती, अनुपम तिवारी, राजकुमार मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे।
काम में लापरवाही हुई तो ठेकेदार पर कार्रवाई
तालापारा में टैंंकर से पानी लेने के लिए लगी लोगों की भीड़।
महापौर ने नालों के ऊपर से बेजा कब्जा हटाने का दिया निर्देश
महापौर किशोर राय शनिवार को शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने निकले। इस दौरान उन्होंने मरी माई मंदिर, श्रीकांत मार्ग बाईपास के पास सफाई कार्य को देखा। साथ ही बालमुकुंद स्कूल से प्रारंभ होकर तैयबा चौक तक चल रहे नाले सफाई के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। लोगों की शिकायत पर अतिक्रमण किए दुकानदारों से चर्चा कर स्वयं से नाले के ऊपर का अतिक्रमण हटाने के लिए कहा, जिससे नाले की बेहतर ढंग से सफाई हो सके। साथ ही बारिश के समय में जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। मेयर ने वार्ड के अभियंता को नाले की सफाई के बाद नाले के ऊपर उच्च गुणवत्ता युक्त प्रीकास्ट स्लैब लगाए जाने के निर्देश दिए।