जनपद पंचायत कोटा में पेंशन की मांग को लेकर पहुंचे ग्रामीण।
सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर
जनपद पंचायत कोटा के ग्राम पंचायत दवनपुर के ग्रामीणों को बीते दस महीने से पेंशन की राशि नहीं मिली है। शनिवार को परेशान ग्रामीणों ने जनपद सीईओ से शिकायत करने पहुंचे और राशि दिलवाने की मांग की। ग्रामीणों ने राशि वितरण करने में पंचायत सचिव व सरपंच पर अनियमितता बरतने का आरोप सीईओ का घेराव कर दिया।
ग्रामीणों की शिकायत है कि उन्हें साढ़े तीन सौ रुपए की राशि दी जानी है, लेकिन हर बार समय पर नहीं दी जाती है। पेंशन की राशि के लिए पिछले दस महीनों से जनपद के चक्कर लगा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने जब सचिव से बात की तो यह कहा गया कि पैसा नहीं आया है, जब आएगा तो पेंशन मिल जाएगी। इसकी शिकायत पूर्व जनपद सीईओ से भी कर चुके हैं। सीईओ हर बार सिर्फ आश्वासन देते रहे, लेकिन राशि नहीं मिली। सीमांचल आचार्य ने कहा कि पेंशन को लेकर कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत भी करा चुके हैं। वहीं कुंजमति बाई का कहना था कि राशि के लिए कई बार बैंक और पंचायत के चक्कर लगाने के बाद भी कुछ हासिल नहीं हुआ। दूसरी तरफ पंचायत सचिव दुखीराम का कहना है कि शासन से ही राशि नहीं मिली है। राशि के लिए प्रयास किया जा रहा है। कोटा जनपद सीईओ हिमांशु गुप्ता ने कहा कि जल्द ही पेंशन की राशि ग्रामीणों को आवंटित करवा दी जाएगी।