जिन सीटों पर सिटिंग एमएलए हैं, वहां तो टिकटों को लेकर कोई संघर्ष नहीं है, परंतु जहां टिकटों की मारामारी है, वहां नेताओं की परिक्रमा के साथ पोस्टर वॉर तेज हो गया है। कांग्रेस में बदलाव के नाम पर बीसियों नेता अपनी अपनी फोटोयुक्त बैनर, पोस्टर और ग्लो साइन लगवा़ चुके हैं। वहीं पड़ोस के बेलतरा और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नेता भी शहरिया नेता के नक्शे कदम पर चल कर वार में जुट गए हैं। कुछ नहीं सुझा तो भाजपा के एक नेता ने बर्थ डे के नाम पर अपनी ही फोटो लगवा ली। वहीं सीपत में एक ने अपने आप को किसान नेता घोषित कर बड़े बड़े होर्डिंग लगवा दिए। नगर निगम में होर्डिंग और विज्ञापन शाखा के प्रभारियों की मौज हो गई है। इनके दोनों हाथों में लड्डू है।। एक तो बिना अनुमति और शुल्क के वह होर्डिंग लगवाने वालों से कमाई में लगे हैं, वहीं शिकायत होने पर बैनर, पोस्टर हटवा कर ऊपर के लोगों से वाहवाही भी लूट ले रहे हैं।