पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तीन किमी की सड़क पर गड्ढों की भरमार उसमें भी 3 अंधे मोड़, अक्सर हाेते हैं हादसे

तीन किमी की सड़क पर गड्ढों की भरमार उसमें भी 3 अंधे मोड़, अक्सर हाेते हैं हादसे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बीनागंज से तहसील मुख्यालय चांचौड़ा तक जाने वाली सड़क जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे़ हो गए हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार विभाग द्वारा सड़क का मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तहसील मुख्यालय के लिए मुख्य मार्ग होने के कारण सभी प्रशासनिक अधिकारी इसी सड़क से रोज गुजरते हैं। परंतु सड़क के रख रखाव और मेंटेनेंस के संबंध में किसी अधिकारी का ध्यान नहीं गया। बीनागंज-चांचौड़ा रोड काफी पुरानी है और कई वर्षों से मेंटेनेंस ना हो पाने के कारण खस्ता हाल है आने वाली बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी। इस सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक के कारण दुर्घटनाओं की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है। दरअसल बीनागंज से चांचौड़ा तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क पर 3 खतरनाक अंधे मोड़ हैं जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा जाते हैं। बुधवार को दो मोटरसाइकिल चालक आपस में भिड़ंत होने के कारण एक 12 वर्षीय बच्चे के पैर में गंभीर चोट आई। छान के नीचे खतरनाक अंधा मोड़ है इस कारण से इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं

बीनागंज-चांचौड़ा रोड पर रोज बढ़ते ट्रैफिक और अतिक्रमण के कारण लगता है जाम

प्रशासनिक अिधकारी भी रोज इस सड़क से निकलते हैं, पर समस्या की ओर नहीं है उनका ध्यान

बीनागंज-चांचौड़ा रोड जिस पर अंधे मोड़ों पर दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं।

स्पीड ब्रेकर हो रहे बेअसर

बीनागंज-चांचौड़ा रोड पर नगर परिषद की तरफ से स्पीड ब्रेकर लगाए गए थे परंतु कम स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने के कारण गाड़ियों की तेज रफ्तार में कोई कमी नहीं आ पाई है। बीनागंज- चांचौड़ा रोड पर खतरनाक अंधे मोड़ के कारण कई जगह डेंजर जोन बन गए हैं। इन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन चालक काफी तेज गति से वाहन चलाते हुए ले जाते हैं और इसी वजह से बीनागंज- चांचौड़ा रोड पर होने वाली दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा हो रहा है।

स्ट्रीट लाइट की कमी

बीनागंज-चांचौड़ा रोड पर वाहनों की आवाजाही दिनभर लगी रहती है और कई बार राजीव गांधी चौराहे पर जाम की स्थिति निर्मित होती है। खतरनाक मोड़ के कारण कई जगह दुर्घटना पाइंट बन चुके हैं। इस रोड पर स्ट्रीट लाइट की कमी से शाम और रात के वक्त वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है। वर्षों पुरानी स्ट्रीट लाइट से पर्याप्त रोशनी न मिल पाने के कारण भी रात में कई बार दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं। बीनागंज से लेकर झिर पुलिया तक तो स्थिति फिर भी ठीक है। परंतु पुलिया से लेकर चांचौड़ा तक पर्याप्त मात्रा में रोशनी का इंतजाम नहीं है।

राजीव गांधी तिराहे पर लगता जाम है अक्सर जाम

बीनागंज-चांचौड़ा रोड पर राजीव गांधी तिराहे पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। दरअसल अघोषित टैक्सी स्टैंड भी इसी जगह बना हुआ है और यात्री वाहनों की आवाजाही में बढ़ोतरी होने के कारण राजीव गांधी तिराहे पर सुबह- शाम रोज जाम की स्थिति बनती है। चांचौड़ा-बीनागंज रोड पर दर्जनभर स्कूल और कोचिंग संचालित हैं। इसके कारण भी ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। ट्रैफिक अमला इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं देता है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। सड़क पर दुकानदारों ने भी दुकानों के सामने अतिक्रमण करके सड़क सकरी कर दी है परंतु इस ओर नहीं नगर परिषद का ध्यान जाता है और ना ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का।

स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे

इस रोड का निर्माण पीडब्ल्यूडी के द्वारा कराया गया था और रखरखाव भी पीडब्ल्यूडी के द्वारा किया जाना है। शासन द्वारा लाइट ठेके पर दी जाने के कारण स्ट्रीट लाइटों में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। जहां-जहां पर डेंजर जोन बन गए हैं वहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। श्रीकृष्ण सोनी (भोला), नगर परिषद अध्यक्ष चांचौड़ा-बीनागंज

खबरें और भी हैं...