बिरनी थाना क्षेत्र के कुम्हरपिटनी गांव में बुधवार की रात केदार राय के घर में डकैती कर भाग रहे 12 डकैतों मं से दो डकैतों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। अफरा-तफरी में 10 डकैत भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना में प्रयुक्त बाइक जेएच10 एजे 2282 को भी जब्त किया गया है। पकड़े गए दोनों डकैतों में एक मोहन किस्कू और दूसरा कारू मांझी है। दोनों डकैत विष्णुुगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं। ग्रामीणों और पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में दोनों ने कबूल करते हुए कहा कि केदार राय के घर में डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए 12 अपराधी शामिल थे। जिसमें विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के मोहन किस्कू, हीरालाल बेसरा, अर्जुन मांझी, पानू हांसदा शिकारी मरांडी, पिंटू मंडल, हीरालाल महतो, रामलाल मांझी, कारू मांझी, दुलारचन्द सोरेन और बिरनी थाना क्षेत्र के मनोज मंडल और सोनाराम मांझी का नाम शामिल है जो घटना को अंजाम दे सभी भागने में सफल रहे। पुलिस पकड़े गए डकैतों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
कुम्हरपिटनी गांव में डकैती के आरोप में पकड़े गए दोनों आरोपी।
क्या है पूरा मामला : बिरनी थाना क्षेत्र के कुमरपिटनी गांव निवासी केदार राय के घरवाले आए दिन की तरह खाना खा गहरी नींद में सो रहे थे। रात के लगभग दो बजे हरवे हथियार से लैस होकर डकैतों ने उन्हें जताया और जबरन उनके घर का दरवाजा खुलवाया। नींद में सो रहे घर के सभी सदस्यों को उनलोगों ने अपने कब्जा में लेकर लूटपाट शुरू कर दी और फिर भाग निकले। अपराधियों के चंगुल से आजाद होने के बाद भुक्तभोगी केदार राय के घरवालों द्वारा हो हल्ला किया गया। हो हल्ला की आवाज सुन गांव वाले इकट्ठा हुए और खदेड़ कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। लूटपाट की इस घटना में गहने जेवरात के अलावा लगभग दो लाख की सम्पत्ति वे लोग ले गए हैं।
मनोज और सोनाराम है मास्टर माइंड : ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बदमाशों में मोहन किस्कु ने पुलिस के समक्ष बताया कि गिरोह के सदस्यों की संख्या 12 है। सभी लोग एक बोलेरो, एक आल्टो कार और एक बाइक पर सवार होकर घटना को अंजाम देने आए थे। इतना ही नहीं सभी के नाम का खुलासा करते हुए बताया कि इस घटना का मास्टर माइंड मनोज मंडल और सोनाराम मांझी है। जिसके कहने पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। इधर बिरनी पुलिस ने दोनों बदमाशों को अपने कब्जे में लेकर मास्टर माइंड की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि मास्टर माइंड मनोज मंडल और सोनाराम मांझी बिरनी थाना क्षेत्र का ही रहनेवाला है।
पूछताछ में अन्य मामलों का भी हो सकता है खुलासा : एसडीपीओ दीपक शर्मा ने कहा कि पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि बगोदर और सरिया में हुई चोरी की अन्य घटनाओं का भी इससे खुलासा हो जाए।